विहिप गोरक्षा इकाई ने गोशालाओं की दुर्दशा व गोहत्‍या पर प्रयागराज प्रशासन को 48 घंटे की मोहलत दी

विश्‍व हिंदू परिषद के गोरक्षा इकाई के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि गोहत्‍या के आरोपितों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन होगा। चेतावनी दी कि आंदोलन सिर्फ थरवाई क्षेत्र में नहीं होगा बल्कि समूचे गंगापार यमुनापार कौशांबी के कार्यकर्ता भी सक्रिय होंगे।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 04:52 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 04:52 PM (IST)
विहिप गोरक्षा इकाई ने गोशालाओं की दुर्दशा व गोहत्‍या पर प्रयागराज प्रशासन को 48 घंटे की मोहलत दी
गोहत्‍या व गोशालाओं की दर्दशा को लेकर विश्‍व हिंदू परिषद (विहिप) गोरक्षा इकाई के पदाधिकारियों में आक्रोश है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। गोवंश की रक्षा और संरक्षण के लिए स्थानीय प्रशासन ने उपेक्षात्मक रवैया अपना रखा है। गोशालाओं की स्थिति में खास सुधार नहीं हो रहा है। पुलिस व अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी इस विषय को लेकर सजग नहीं हैं। यह आक्रोश विश्‍व हिंदू परिष्‍ज्ञद के गोरक्षा विभाग के पदाधिकारियों ने जताया है। मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा विभाग की झूंसी में हुई बैठक में तमाम बातों पर विमर्श हुआ और चेतावनी भी दी गई।

गोहत्‍या के मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं : विहिप गोरक्षा प्रांत अध्‍यक्ष

विश्व हिंदू परिषद, गोरक्षा विभाग के प्रांत अध्यक्ष भोला नाथ मिश्र ने कहा कि पिछले दिनों थरवई क्षेत्र में गोहत्या के मामले सामने आए थे। इसमें रिपोर्ट दर्ज कराई गई। लोगों को नामजद भी किया गया, इसके बाद भी अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई। आगे ऐसी घटनाएं न हो उसके लिए भी ठोस कदम नहीं उठाए गए।

48 घंटे में गिरफ्तार न होने पर आंदोलन की चेतावनी

संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि थरवई क्षेत्र में हुई घटना के आरोपितों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो आंदोलन शुरू होगा। सूत्रों से पता चला है कि पुलिस आरोपितों को बचाने में जुटी है। यह भी कहा गया कि आंदोलन सिर्फ थरवाई क्षेत्र में नहीं होगा बल्कि समूचे गंगापार, यमुनापार, कौशांबी के कार्यकर्ता भी सक्रिय होंगे।

पुलिस प्रशासन पर जताई नाराजगी

गोरक्षा के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने भी पुलिस प्रशासन के लचर रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गो तस्करी के साथ तमाम जगहों पर चंगाई सभा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मतांतरण का कार्य भी हो रहा है। इस पर भी प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है। ऐसे आयोजनों पर भी रोक लगानी होगी। बैठक में वीरेंद्र जायसवाल, अशोक मिश्रा, वंदना गौतम, अवधेश राय, सुनील सोनकर, विष्णु श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, केके पांडेय आदि मौजूद रहे।

गोशालाओं का हाल जानने निकलेंगे विहिप कार्यकर्ता

गोरक्षा के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता जिलेभर की गोशालाओं का हाल जानने निकलेंगे। यह औचक दौरा होगा। यदि कहीं भी अव्यवस्था मिलती है तो प्रशासन जिम्मेदार होगा। इसकी सूचना मुख्यमंत्री को भी दी जाएगी। संगठन के लोग इसे लेकर आंदोलन भी करेंगे। पिछले दिनों कान्हा गोशाला की अव्यवस्था इसी तरह के दौरे से उजागर हुई थी। इसके बाद भी अन्य गोशालाओं की व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।

chat bot
आपका साथी