UPPSC: ​​​​​प्राविधिक शिक्षा भर्ती में प्रवक्ता के पांच विषय बढ़े, कर्मशाला अधीक्षक व पुस्तकालयाध्यक्ष के पद भी शामिल

। राजकीय पालीटेक्निक संस्थाओं में 1370 पदों की भर्ती निकली है। इसमें प्रवक्ता पद के तहत फार्मेसी इंस्ट्रूमेंटेशन इंटीरियर डिजाइन एंड डेकोरेशन फुटवियर व केमिकल रबर एंड प्लास्टिक का विषय बढ़ाया गया है। वहीं कर्मशाला अधीक्षक व पुस्तकालयाध्यक्ष पद की भर्ती भी निकाली गई है।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 05:37 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 05:37 PM (IST)
UPPSC: ​​​​​प्राविधिक शिक्षा भर्ती में प्रवक्ता के पांच विषय बढ़े, कर्मशाला अधीक्षक व पुस्तकालयाध्यक्ष के पद भी शामिल
उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) परीक्षा-2021 के अंतर्गत विभिन्न पदों की भर्ती का विस्तृत विज्ञापन बुधवार को जारी

प्रयागराज, राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) परीक्षा-2021 के अंतर्गत निकली विभिन्न पदों की भर्ती का विस्तृत विज्ञापन बुधवार को जारी कर दिया। राजकीय पालीटेक्निक संस्थाओं में 1370 पदों की भर्ती निकली है। इसमें प्रवक्ता पद के तहत फार्मेसी, इंस्ट्रूमेंटेशन, इंटीरियर डिजाइन एंड डेकोरेशन, फुटवियर व केमिकल रबर एंड प्लास्टिक का विषय बढ़ाया गया है। वहीं, कर्मशाला अधीक्षक व पुस्तकालयाध्यक्ष पद की भर्ती भी निकाली गई है।

अभ्यर्थियों की अर्हता का नया मानक तय

पूर्व के विज्ञापन में सिर्फ प्रधानाचार्य व प्रवक्ता की भर्ती निकली थी। लोकसेवा आयोग ने आल इंडिया काउंसिल आफ टेक्निकल एजुकेशन की नियमावली के अनुरूप अभ्यर्थियों की अर्हता का नया मानक तय किया है। प्राविधिक शिक्षा विभाग (डिप्लोमा सेक्टर) के अंतर्गत राजकीय पालीटेक्निक संस्थाओं के लिए प्रधानाचार्य व प्रवक्ता के अलग-अलग वर्गों की भर्ती का विज्ञापन 2017-18 में आयोग ने निकाला था। उस समय पदों की कुल संख्या 1370 निर्धारित थी। आल इंडिया काउंसिल आफ टेक्निकल एजुकेशन की नियमावली में बदलाव होने पर सात सितंबर को भर्ती निरस्त करके नया विज्ञापन जारी करने का निर्णय लिया गया। नए विज्ञापन में कुल पदों की संख्या नहीं बढ़ी है। सिर्फ विषयों की संख्या में परिवर्तन हुआ है। आयोग के सचिव जगदीश ने बताया कि जरूरत पडऩे पर पदों की संख्या घट-बढ़ सकती है।

यह है पदों की स्थिति

प्रधानाचार्य के 13, पुस्तकालयाध्यक्ष के 87 तथा कर्मशाला अधीक्षक के 16 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसी प्रकार प्रवक्ता के लिए यांत्रिक अभियंत्रण में 238, विद्युत अभियंत्रण में 213, सिविल अभियंत्रण में 125, इलेक्ट्रानिक अभियंत्रण में 145, केमिकल अभियंत्रण में 47, कंप्यूटर में 132, पेंट टेक्नोलाजी में 11, टेक्सटाइल टेक्नोलाजी में 36, टेक्सटाइल डिजाइन में पांच, टेक्सटाइल (डिजाइन प्रिंटिंग) में आठ, कारपेट टेक्नोलाजी में 12, लेदर टेक्नोलाजी में पांच, प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलाजी में दो, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (इंडस्ट्रियल कंट्रोल विशि.) में एक, डेरी इंजीनियरिंग में सात, आर्कीटेक्चर में एक, आटो अभियंत्रण में पांच, टेक्सटाइल केमिस्ट्री में तीन, टेक्सटाइल इंजीनियरिंग  में छह, फार्मेसी में 25, इंस्ट्रूमेंटेशन में पांच, इंटीरियर डिजाइन एंड डेकोरेशन में तीन, फुटवियर में दो, केमिकल रबर एंड प्लास्टिक में एक, गणित में 60, भौतिकी में 57, रसायन में 48 और अंग्रेजी विषय में 50 पदों पर भर्ती की जाएगी।

दो प्रश्नपत्रों की होगी परीक्षा

प्रधानाचार्य, प्रवक्ता, कर्मशाला अधीक्षक व पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर अभ्यर्थियों को दो-दो प्रश्न पत्र हल करने होंगे। साक्षात्कार भी लिया जाएगा।

प्रधानाचार्य पद के लिए

प्रधानाचार्य पद के लिए प्रथम प्रश्न पत्र में सामान्य हिंदी के 25 प्रश्न (प्रत्येक तीन अंक) तथा सामान्य अध्ययन-1 के 100 प्रश्न (प्रत्यक तीन अंक) की लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद द्वितीय प्रश्न पत्र में सामान्य अध्ययन के 125 प्रश्न (प्रत्येक तीन अंक के) आएंगे। अंत में सौ अंकों का साक्षात्कार होगा।

प्रवक्ता व कर्मशाला अधीक्षक पद के लिए

प्रवक्ता व कर्मशाला अधीक्षक के प्रथम प्रश्नपत्र में सामान्य हिंदी के 25 प्रश्न (प्रत्येक तीन अंक के) आएंगे। द्वितीय प्रश्न पत्र में 100 प्रश्न (प्रत्येक तीन अंक के) विषय आधारित आएंगे। इसके बाद सौ नंबर का साक्षात्कार लिया जाएगा।

पुस्तकालाध्यक्ष पद के लिए

प्रथम प्रश्न पत्र में सामान्य अध्ययन के 25 प्रश्न (प्रत्येक तीन अंक के) व द्वितीय प्रश्न पत्र में मुख्य विषय (पुस्तकालय विज्ञान-2) के सौ प्रश्न (प्रत्येक तीन अंक के) आएंगे। इसके बाद सौ अंक का साक्षात्कार होगा।

जल्द जारी होगा पाठ्यक्रम

उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा (अध्यापन) परीक्षा-2021 की लिखित परीक्षा 12 दिसंबर को संभावित है। इसके मद्देनजर पाठ्यक्रम शीघ्र वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

यह है खास

-15 सितंबर से शुरू होंगे आनलाइन आवेदन।

-12 अक्टूबर आनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने की अंतिम तारीख।

-15 अक्टूबर आनलाइन आवेदन सबमिट करने की अंतिम तारीख।

chat bot
आपका साथी