Politics: जातिवाद बनाम राष्ट्रवाद होगा आगामी विधानसभा चुनाव, प्रयागराज में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने किसानों की आय बढ़ाने के वादे को दोहराया। कहा प्रदेश सरकार ने पहली कैबिनेट की बैठक में किसानों का ऋण माफ किया । उधर केंद्र सरकार ने किसान सम्मान निधि दी। दोबारा प्रदेश में सरकार बनी तो किसानों को मुफ्त बिजली और पानी मिलेगा

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 07:32 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 07:32 AM (IST)
Politics: जातिवाद बनाम राष्ट्रवाद होगा आगामी विधानसभा चुनाव, प्रयागराज में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की जनसभा से चढ़ा सियासी पारा

प्रयागराज, जेएनएन। करछना के करेहाबाग में जनसभा कर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। सोमवार को अपने तीस मिनट के संबोधन में उन्होंने प्रदेश सरकार के कार्यों का लेखा जोखा रखा और विपक्ष पर भी बरसे। आगामी विधानसभा चुनाव को जातिवाद बनाम राष्ट्रवाद बताया। कहा, योगी सरकार में हिंदू और मुसलमान मिलकर गरीबी से लड़ रहे हैं। अब कहीं भी दंगा नहीं हो रहा है। दूसरी तरफ विपक्ष लोगों को बांटकर राजनीतिक रोटी सेंकने में जुटा है।

योगी सरकार में हिंदू और मुसलमान मिलकर गरीबी से लड़ रहे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रश्न किया, क्या हिंदुस्तानियों का कत्ल कर ट्रेन में शव भेजने वाले जिन्ना का सम्मान करने वालों को वोट देना चाहिए। स्वयं जवाब देते हुए कहा, धरती मां की कसम, जो जिन्ना का सम्मान करेगा उसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में कहा कि यह चुनाव जात पात का नहीं बल्कि राष्ट्र की खुशहाली व सशक्त बनाने के लिए है। पिछले पांच सालों में प्रदेश के 42 लाख से अधिक गरीबों को पक्के मकान दिए जा चुके हैं। 2024 तक सभी गरीबों के सिर पर छत होने का लक्ष्य रखा गया है। हर घर में शौचालय निर्माण, स्वच्छ पेयजल पहुंचाने, गरीबों को इलाज के लिए पांच लाख तक का मुफ्त इलाज दिलाया जा रहा है। बिजली सप्लाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है। अब माफिया सलाखों के पीछे भेजे जा रहे हैं। इन सब के साथ गरीबों के बैंक खाते खुलवाने और उनमें विभिन्न योजनाओं की राशि भेजने का कार्य भाजपा ने ही किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि साइकिल और हाथी पर लक्ष्मी नहीं आती हैं। कमल के फूल पर ही लक्ष्मी आती हैं। आप सब कमल का फूल खिलाएं जिससे विकास रूपी लक्ष्मी घर घर पहुंचें। इस मौके पर सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने भी उपलब्धियों को गिनाया। जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने अतिथियों का स्वागत करने के साथ परिनिर्वाण दिवस पर डा. भीमराव आंबेडकर को नमन किया। इस मौके पर ओंकार केशरी, ज्ञान सिंह पटेल, राजेश शुक्ल, पुष्पराज सिंह पटेल, विधायक बारा डॉ. अजय कुमार, पीयूष रंजन निषाद, पूर्व विधायक दीपक पटेल, डॉ. भगवत पांडेय, मृत्युंजय तिवारी, रमाकांत विश्वकर्मा, दिलीप कुमार चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।

किसानों को मुफ्त बिजली और पानी का किया वादा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने किसानों की आय बढ़ाने के वादे को दोहराया। कहा, प्रदेश सरकार ने पहली कैबिनेट की बैठक में किसानों का ऋण माफ किया था। उधर केंद्र सरकार ने किसान सम्मान निधि दी। अब यदि दोबारा प्रदेश में सरकार बनी तो किसानों को मुफ्त बिजली और पानी मिलेगा। कोरोनाकाल में मोदी और योगी ने जान और जहान को बचाने के लिए कार्य किया। यह क्रम अब भी जारी है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, सरदार पटेल ने सभी रियासतों का विलय कराया। दूसरी तरफ नेहरू की वजह से जम्मू कश्मीर का एकीकरण नहीं हो सका। वहां तिरंगा ले कर चलना भी राष्ट्र दोह था। जम्मू कश्मीर में आजादी के बाद पहली बार भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रहे वर्तमान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा लहराया था। अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब परिस्थितियां सामान्य हो रही हैं।

chat bot
आपका साथी