यूपी विधान सभा चुनाव: प्रयागराज के शहर उत्‍तरी से संजय गोस्वामी होंगे बसपा के प्रत्‍याशी

UP Election 2022 यूपी विधान सभा चुनाव 2022 की तैयारियों में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी जुटी है। बसपा ने प्रयागराज के शहर उत्‍तरी से संजय गोस्‍वामी को अपना उम्‍मीदवार बनाया है। उनके नाम का ऐलान कार्यकर्ता सम्‍मेलन में किया गया है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 11:47 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 05:40 PM (IST)
यूपी विधान सभा चुनाव: प्रयागराज के शहर उत्‍तरी से संजय गोस्वामी होंगे बसपा के प्रत्‍याशी
आगामी विधान सभा चुनाव के लिए प्रयागराज शहर उत्‍तरी से बसपा के उम्‍मीदवार संजय गोस्‍वामी होंगे।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यूपी विधान सभा चुनाव 2022 की तैयारियों में राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हैं। ऐसे में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी मिशन 2022 को लेकर रणनीति बनाकर कार्य शुरू कर दिया है। बसपा ने प्रत्याशियों के चयन और इसे सार्वजनिक करने में दूसरे दलों को पीछे छोड़ दिया है। बसपा ने कर्नलगंज क्षेत्र में स्थित दुर्गा पूजा पार्क में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। इसमें शहर उत्तरी विधान सभा से संजय गोस्वामी को चुनाव लड़ाने की घोषणा की है।

भाजपा सरकार पर फोड़ा ठीकरा

बसपा के कार्यकर्ता सम्‍मेलन में राज्य सभा सदस्य डा. अशोक सिद्धार्थ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। डा. अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस को महंगी करके भाजपा की सरकार ने देश में महंगाई चरम पर ला दी है। भाजपा के मंत्री के बेटे किसानों पर गाड़ी चढ़ा रहे हैं और मोदी जी चुप हैं। अशोक सिद्धार्थ ने कार्यकर्ता सम्मेलन में ही कहा कि संजय गोस्वामी शहर उत्तरी विधानसभा सीट पर बसपा के प्रत्याशी होंगे।

पार्टी की नीतियों से कराया अवगत

बसपा के कार्यकर्ता सम्‍मेलन की अध्यक्षता प्रयागराज और चित्रकूट मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी अशोक गौतम ने की। इस अवसर पर मुख्य सेक्टर प्रभारी अमरेंद्र बहादुर, अशोक गौतम, राजू गौतम, डा. जगन्नाथ पाल सहित अन्य लोगों ने पार्टी की नीतियों से अवगत कराया। जिलाध्यक्ष चिंतामणि वर्मा ने संचालन किया।

कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ने संभाला कार्यभार

कांग्रेस के नवनियुक्त शहर कमेटी अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन ने पार्टी कार्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सब को साथ लेकर कांग्रेस को मजबूत करना ही मकसद है। उन्होंने कहा कि संगठन में काम करने वालों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह भी दावा कि कि अगले वर्ष सूबे में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इससे पूर्व निवर्तमान अध्यक्ष नफीस अनवर ने मुहूर्त के अनुसार शपथ दिलाई और कार्य भार सौंपा।

chat bot
आपका साथी