उप्र के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह बोले- कड़े फैसले लेने वाली राष्ट्रवादी सरकार धमकियों ने नहीं डरती

उप्र के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कृषि कानूनों के वापस लेने के संदर्भ में कहा कि किसानों की भावनाओं का सम्मान किया गया है। मोदी सरकार ने नीम कोटेड यूरिया का प्रचलन करने के साथ ही दो करोड़ 42 लाख किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि भेजी।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 23 Nov 2021 08:47 PM (IST) Updated:Tue, 23 Nov 2021 08:47 PM (IST)
उप्र के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह बोले- कड़े फैसले लेने वाली राष्ट्रवादी सरकार धमकियों ने नहीं डरती
उत्‍तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह मंगलवार को प्रयागराज दौरे पर थे।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। भाजपा आगामी विधान सभा चुनाव में 350 से अधिक सीटें जीतेगी। अब तक इस सरकार ने जन हित में बड़े बड़े कदम उठाए हैं। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के साथ तीन तलाक, सीएए, एनआरसी लाने, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण जैसे कदम उठाए गए हैं। आगे भी यह क्रम जारी रहेगा। यह दावा मंगलवार को जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने प्रयागराज में किया।

कृषि कानून वापस लेने पर मंत्री बोले- किसानों की भावनाओं का सम्‍मान किया गया

प्रयागराज के सर्किट हाउस में पत्रकारों से जल शक्ति मंत्री ने बातचीत की। ओवैसी द्वारा सीएए और एनआरसी वापस न लेने पर बड़े आंदोलन की धमकी देने के सवाल पर जल शक्ति मंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रवादी सरकार है, धमकियों से नहीं डरती। कृषि कानूनों के वापस लेने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि किसानों की भावनाओं का सम्मान किया गया है। मोदी सरकार ने नीम कोटेड यूरिया का प्रचलन करने के साथ ही दो करोड़ 42 लाख किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि भेजी। वहीं प्रदेश सरकार ने पहली बैठक में ही किसानों के कर्जे माफ किए। दूसरी तरफ विपक्ष सिर्फ भ्रम फैलाने में जुटा है।

अखिलेश यादव व जयंत चौधरी की मुलाकात पर तंज कसा

सपा मुखिया अखिलेश यादव और जयंत चौधरी की मुलाकात पर जल शक्ति मंत्री ने कहा कि यह ठीक उसी तरह है जैसे कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी व अखिलेश यादव की मुलाकात हुई थी। भाजपा ने 2014, 2017 और 2019 के साथ सभी उप चुनाव में जीत दर्ज की, आगे भी यह क्रम जारी रहेगा। माघ मेला की तैयारियों में देरी के सवाल पर कहा कि, प्राकृतिक आपदाओं की वजह से मेला क्षेत्र की जमीन गीली है लेकिन सभी कठिनाइयों से निपट लिया जाएगा। संगमनगरी के लोगों को फिर भव्य माघ मेला देखने को मिलेगा।

दिसंबर से शुरू होगा नदियों को जोड़ने का अभियान

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय नदियों को जोड़ने की योजना बनाई गई थी। देश के अधिक से अधिक जमीन को सिंचित बनाने के लिए इस परियोजना पर दिसंबर से कार्य शुरू हो जाएगा। यह जानकारी जल शक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने सर्किट हाउस में दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकार के बीच केन व बेतवा को जोड़ने को लेकर समझौता हो चुका है। इसका लाभ बुंदेलखंड के लोगों को सब से अधिक मिलेगा।

chat bot
आपका साथी