यूपी के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने तंज कसा- छत्‍तीसगढ़ के हादसे पर भाई-बहन की जोड़ी कब जा रही है

मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सभी विपक्षी दल सिर्फ सत्ता और वोट की राजनीति में जुटे हैं। आम आदमी की समस्याओं से किसी को कुछ भी नहीं लेना देना। किसान आंदोलन के नाम पर भी ठगी की जा रही है। यह मौका परस्ती विपक्ष का स्वाभाव हो चुका है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 07:43 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 07:43 AM (IST)
यूपी के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने तंज कसा- छत्‍तीसगढ़ के हादसे पर भाई-बहन की जोड़ी कब जा रही है
छत्तीसगढ़ में गाड़ी से कुचलने पर लोगों की मौत पर यूपी के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सवाल उठाए।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। छत्तीसगढ़ में धार्मिक यात्रा के दौरान गाड़ी से कुचलने पर लोगों की जान जाने पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने दुख जताया है। कहा है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगना चाहिए। प्रयागराज प्रवास के दौरान उन्होंने कहा कि वह किसी हादसे या दुर्घटना पर राजनीति नहीं करते लेकिन क्या कांग्रेस के लोग यह बताएंगे कि भाई-बहन छत्तीसगढ़ कब जा रहे हैं। भाई-बहन से उनका तंज राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा पर था।

छत्‍तीसगढ़ के मुख्‍यंत्री पर भी उठाया सवाल

कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने वहां के मुख्यमंत्री को लेकर भी सवाल उठाया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री कब धरने पर बैठेंगे। आखिर उत्तर प्रदेश में उन्होंने धरना दिया। पीड़ितों को आर्थिक सहायता भी दी। अब तक कांग्रेस के महासचिव ने वहां के संबंध में कोई बयान नहीं दिया। न दौरे का उतावलापन दिखा। पीड़ितों से मिलने में भी कोई रुचि नहीं ली। यह दोहरा चरित्र क्यों। अन्य विपक्षी दलों ने भी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। इसकी वजह यह कि वहां वोट का लाभ नहीं मिलने वाला।

बोले सिद्धार्थनाथ- विपक्षी दल सत्‍ता व वोट की कर रहे राजनीति

मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सभी विपक्षी दल सिर्फ सत्ता और वोट की राजनीति में जुटे हैं। आम आदमी की समस्याओं से किसी को कुछ भी नहीं लेना देना। किसान आंदोलन के नाम पर भी ठगी की जा रही है। यह मौका परस्ती विपक्ष का स्वाभाव हो चुका है। जनता इस बात को ठीक से समझती है। इसका जवाब वह 2022 में जरूर देगी।

सपा-बसपा गठबंधन को उपमुख्यमंत्री ने सांप और नेवले की दोस्ती बताया

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी सभा में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। कहा, आज गरीब और किसान की बात वो कर रहे हैं जिन्होंने गरीबी देखी नहीं, किसानी जानते नहीं। सिर्फ उनकी बातें करते हैं। झूठ बोलकर वोट हासिल किया, सत्ता प्राप्त किया। बल और बंदूक के बल पर विधायक और सांसद बन जाते थे। अब वह युग जनता के आशीर्वाद से जा चुका है। उप मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि यदि भाजपा की सरकार आप लोगों ने न बनवाई होती तो क्या शहर पश्चिमी और फूलपुर लोकसभा कभी गुंडागर्दी से मुक्त हो पाती क्या। क्या प्रदेश में जो गुंडे आज भागे भागे फिर रहे हैं उनसे आप को राहत मिल पाती क्या।

केशव मौर्य ने आगाह किया

उन्होंने आगाह किया कि 2022 का चुनाव आ रहा है। सभी विरोधी एक साथ आ जाएंगे। जैसे सपा और बसपा। आप कल्पना कर सकते हैं, क्या कि सांप और नेवले में दोस्ती हो सकती है। पर 2019 में ऐसा हुआ। इसकी वजह यह कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोकना था। जनता ने उनकी मंशा समझ ली और भाजपा के पक्ष में वोट दिया, नतीजा यह हुआ कि सभी के कार्यालयों में ताले लगने जैसी स्थिति पैदा हो गई है। जैसे -जैसे चुनाव निकट आ रहा है फिर से सभी के मंच लगेंगे। लोकतंत्र है, सभी लगाएंगे पर फैसला जनता के हाथ में हैं। पिछली बार सपा और बसपा एक होकर भी डबल इंजन की सरकार को हिला न सके। तो 2022 में क्या इसे कोई रोक पाएगा। जनता से पूछा दोनों हाथ उठाकर बताओ, जवाब आया नहीं।

chat bot
आपका साथी