UP Assembly Election 2022: उप मुख्‍यमंत्री केशव मौर्य बोले- लुंगी व जालीदार टोपी वालों से भाजपा ने दिलाई निजात

UP Assembly Election 2022 एक मंच पर उप मुख्यमंत्री केशव कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्त नंदी का आना भी राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय है। भाजपा का मंडलीय व्यापारी सम्मेलन को आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर भी देखा जा रहा है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 11:54 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 04:31 PM (IST)
UP Assembly Election 2022: उप मुख्‍यमंत्री केशव मौर्य बोले- लुंगी व जालीदार टोपी वालों से भाजपा ने दिलाई निजात
भाजपा के मंडलीय व्यापारी सम्मेलन में यूपी के उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा ने लुंगी और जालीदार टोपीवालों से निजात दिलाई है। अब किसी के जमीन पर कब्‍जा नहीं होता, अपहरण नहीं होता है। आपके घरों पर चढ़कर कोई धमका नहीं सकता। इस बात को आम जनता को याद रखना होगा। इस बात को याद रखते हुए ही विधान सभा चुनाव 2022 में मतदान करें।

भाजपा के मंडलीय व्‍यापारी सम्‍मेलन में बोले केशव

डिप्‍टी सीएम केशव भाजपा के मंडलीय व्यापारी सम्मेलन में शुक्रवार को बोल रहे थे। उन्‍होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव कह रहे हैं कि उनकी सरकार आई तो बुलडोजर वापस हो जाएंगे। यानी क्‍या होने वाला है, आप आकलन कर लें। क्‍या भाजपा ने किसी किसान, आम आदमी या व्‍यापारी के निर्माण पर बुलडोजर चलाया, नहीं। भाजपा का बुलडोजर चला तो माफिया के अवैध निर्माण पर। उन्‍हीं खाली कराई गई जमीनों पर अब घर बनेंगे और गरीबों को मिलेंगे।

सम्‍मेलन पुलिस लाइन के सामने सारस्वत पैलेस परिसर में हुआ। मुख्य अतिथि यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य थे। अति विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, सिद्धार्थ नाथ सिंह, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी, राज्यमंत्री एवं व्यापार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष गुप्ता, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा अग्रवाल रहे।

एक मंच पर राजनीतिक दिग्‍गजों का जमावड़ा

एक मंच पर उप मुख्यमंत्री केशव, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और नंद गोपाल गुप्त नंदी का आना भी राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय रहा। इसे आगामी विधान सभा चुनाव को लेकर भी देखा जा रहा है। भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि सम्मेलन में प्रयागराज मंडल के प्रत्येक बाजार के व्यापारियों को बुलाया गया था। इसमें महानगर, गंगापार, यमुनापार, प्रतापगढ़, फतेहपुर के साथ कौशांबी के भी व्यापारी शामिल हुए।

भाजपा सरकार श्रमिकों के कल्याण को कर रही कार्य : महानगर अध्‍यक्ष

भाजपा के महानगर श्रम प्रकोष्ठ के तत्वावधान में श्रम चौपाल एवं सहभोज का आयोजन लूकरगंज (निकट बनर्जी चौराहा) में किया गया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र प्रदेश की सरकार श्रमिकों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत श्रमिकों के लिए कार्य कर रही है। भाजपा की जो भी योजनाएं हैं आज सबसे ज्यादा अगर किसी को लाभ पहुंच रहा है तो वह गरीब निर्धन निर्बल जरूरतमंदों लोगों को। इस अवसर पर उन्होंने श्रमिको के साथ सह भोज भी किया। भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर श्रमिकों को लाभांश के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत रजिस्ट्रेशन भी कराया गया। कार्यक्रम में अनूप त्रिपाठी, रवि शुक्ला, अमर सिंह, राजेश केसरवानी, अखिलेश कुशवाहा, शिशिर मालवीय आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी