पर्यावरण बचाने के लिए प्रयागराज में डॉक्‍टरों की अनूठी पहल, साइकिल से सड़क पर निकलता है कारवां

टू व्हील थ्रिल ग्रुप के नेत्र सर्जन डॉ अतुल दुबे डॉ जेवी राय शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ युगांतर पांडेय डॉ क्षितिज श्रीवास्तव डॉ अनिल शुक्ला बताते हैं कि साइकिल से लोग प्रयागराज के आसपास धार्मिक व दर्शनीय स्थल जैसे सुजावनदेव मंदिर श्रृंगवेरपुरधाम दुर्वासा आश्रम आदि जा सकते हैं।

By Rajneesh MishraEdited By: Publish:Wed, 06 Jan 2021 06:00 AM (IST) Updated:Wed, 06 Jan 2021 06:00 AM (IST)
पर्यावरण बचाने के लिए प्रयागराज में डॉक्‍टरों की अनूठी पहल, साइकिल से सड़क पर निकलता है कारवां
इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े सरकारी और प्राइवेट डॉक्टर दो साल से दो साइकिलिंग ग्रुप चल रहे हैं।

प्रयागराज,[अमरदीप भट्ट]। गाडिय़ों से 'रफ्तार' पकडऩे की जिजीविषा में हम यह भूलते जा रहे हैं कि साइकिल चलाने से दोहरा फायदा होता है। इससे शरीर की आंतरिक मशीनरी की ओवरहॉलिंग होती है और पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है। इसे पहचाना है शहर के अलग-अलग अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टरों ने। साइकिल चलाने को पैशन बना चुके पुरुष और महिला डॉक्टरों के समूह ने अपने इसी अनोखे कार्य को रफ्तार दी है। डॉक्टर प्रत्येक रविवार को अपने ग्रुप के साथ साइकिल चलाते हुए आसपास के दर्शनीय व रमणीक स्थलों के सैर सपाटे पर निकल जाते हैं। शहर में एएमए (इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन) से जुड़े सरकारी और प्राइवेट डॉक्टर दो साल से दो साइकिलिंग ग्रुप चल रहे हैं। पुरुष डॉक्टरों का ग्रुप 'टू व्हील थ्रिल' है तो महिला डॉक्टर इलाहाबाद प्रेशर ग्रुप बनाकर निकलती हैं। प्रत्येक रविवार को ग्रुप मेंबर फोन मैसेज डालकर किसी एक जगह मिलते हैं और फिर वहां से शुरू होती है साइकिल से सैर।

करते हैं 30 से 50 किमी की यात्रा

डॉक्टरों का साइकिलिंग ग्रुप एक दिन में 30 से 50 किलोमीटर तक साइकिल चलाता है। कभी-कभी तो यह 100 किलोमीटर तक हो जाती है। दर्शनीय स्थल देखने की चाह में 'टू व्हील थ्रिल' ग्रुप ने पिछले साल चित्रकूट तक की यात्रा कर ली।

शुरुआत हुई थी दो से, अब हैं 20 सदस्य

ग्रुप में शामिल चेस्ट फिजीशियन डॉ आशीष गुप्ता कहते हैं कि नेत्र सर्जन डॉ अतुल दुबे समेत दो डॉक्टरों ने बीते कुंभ में इसकी शुरुआत की थी। पिछले साल सावन में 11 सदस्य साइकिल से कांवड़ यात्रा निकालते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर गए। उसके बाद से एक-एक कर दूसरे डॉक्टर भी जुड़ते गए। अब करीब 20 डॉक्टर  ग्रुप मेंबर हैं।

जा सकते हैं आसपास के दर्शनीय स्थल

'टू व्हील थ्रिल' ग्रुप के नेत्र सर्जन डॉ अतुल दुबे, डॉ जेवी राय, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ युगांतर पांडेय, डॉ क्षितिज श्रीवास्तव, डॉ अनिल शुक्ला बताते हैं कि साइकिल से लोग प्रयागराज के आसपास धार्मिक  व दर्शनीय स्थल जैसे सुजावनदेव मंदिर, श्रृंगवेरपुरधाम, दुर्वासा आश्रम आदि जा सकते हैं।

एक दिन की साइकिल यात्रा बचाएगी प्रदूषण

लोगों को अब जहां कहीं भी जाना हो तो गाड़ी से जाते हैं। जबकि साइकिलिंग ग्रुप से जुड़े डॉक्टर कहते हैं कि सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल चलाएं, कहीं सैर सपाटे से इतर अपने कार्यस्थल पर ही चले जाएं तो हम पर्यावरण को सुरक्षित रहने में भी आहुति दे सकते हैं।

chat bot
आपका साथी