केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल प्रयागराज में बोलीं- गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा के साथ पालन करेगा अपना दल एस

अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का शनिवार को प्रयागराज आगमन हुआ। यहां उन्‍होंने यूपी विधान सभा चुनाव 2022 में पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि भाजपा का एक लक्ष्‍य है कि सक्षम और सशक्त सरकार बने।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 03:23 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 03:23 PM (IST)
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल प्रयागराज में बोलीं- गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा के साथ पालन करेगा अपना दल एस
अपना दल एस की राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष व केंद्रीय मत्री अनुप्रिया पटेल आज प्रयागराज में हैं।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। मिशन 2022 के लिए भाजपा के साथ अपना दल (एस) ने भी कमर कस ली है। दावा है कि गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पालन होगा। दोनों दल निजी लाभ से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में पहले से अधिक सीट भी हासिल करेंगे। इसके लिए कैडर वोटरों को भी सक्रिय बनाया जा रहा है।

अपना दल (एस) की राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष बोलीं- भाजपा का लक्ष्‍य कि सक्षम, सशक्‍त सरकार बने

प्रयागराज आगमन पर अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सीटों को लेकर अभी कोई बातचीत नहीं शुरू हुई है। कम सीट मिलेगी या अधिक यह विषय नहीं होगा। अपना दल (एस) और भाजपा का सिर्फ एक लक्ष्य है सक्षम और सशक्त सरकार बने। गठबंधन को नुकसान नहीं होने देंगे। इसके लिए अपना दल (एस) संगठन की कुल 16 आनुषंगिक इकाइयों को सक्रिय कर रहा है। उनमें कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। पारिवारिक विवाद के संदर्भ में कहा कि मैं हर महीने कानपुर जाती हूं और मां से जरूर मिलती हूं। मेरा और पार्टी का प्रयास है कि वह हमारे साथ संरक्षक की भूमिका में आ जाएं। हमें उनके फैसले का इंतजार है। परिवार को संगठित कर पार्टी को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

2022 फतह के लिए बूथ जीतना जरूरी

अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। कहा, बूथ को मजबूत बनाएं। तभी मिशन 2022 फतह होगा। प्रत्येक बूथ पर 15 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाए। यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। सरकार के कार्यों को भी लोगों तक ले जाएं। अपना दल (एस) विधानसभा चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगा। इस मौके पर अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह, दर्जा प्राप्त मंत्री रामलखन पटेल, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेश पटेल, जिलाध्यक गंगापार, यमुनापार के जिलाध्यक्ष ब्रजेश पटेल, भानू पटेल, प्रदेश महासचिव ब्रजेश पांडेय, अनुसूचित जाति-जनजाति मंच के प्रदेश सचिव किशन सरोज, रमेश मिश्र, डा. मोहम्मद इमाम, जेपी दुबे आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी