सरकार की गलत नीतियों से बढ़ी बेरोजगारी : शिवपाल

केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज भारत 101 वें स्थान पर है। यह कहना है प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 12:55 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 12:55 AM (IST)
सरकार की गलत नीतियों से बढ़ी बेरोजगारी : शिवपाल
सरकार की गलत नीतियों से बढ़ी बेरोजगारी : शिवपाल

जागरण संवाददाता, प्रयागराज : केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज भारत 101 वें स्थान पर पहुंच गया है। भाजपा की केंद्र में सरकार बनने से पहले देश 94 वें स्थान पर था। इसलिए देश ने तरक्की की, यह दावा करने वालों का झूठ सामने आ जाता है। यह बातें प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहीं। वह गुरुवार देर शाम अटाला स्थित मजीदिया इस्लामिया इंटर कालेज मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा लेकर कौशांबी होते हुए पहुंचे शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री और उप्र के मुख्यमंत्री झूठ बोलते हैं। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने जो वायदे किए थे, उसे पूरा नहीं किया। पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। किसान, मजदूर, व्यापारी, नौजवान, महिलाएं सभी परेशान हैं। बेरोजगारी, भुखमरी बढ़ गई है। यह सब गलत नीतियों के कारण है। सत्ता परिवर्तन जरूरी है, इसलिए वह सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा लेकर निकले हैं। उन्होंने कहा कि प्रसपा (लोहिया) की सरकार बनते ही तीन सौ यूनिट बिजली निश्शुल्क दी जाएगी। 24 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी। हर घर के एक युवक-युवती को नौकरी मिलेगी। बीए पास युवाओं को रोजगार के लिए पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव का कहना था कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा। भाजपा सरकार ने सिर्फ जनता को ठगने का काम किया है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुंदर लाल लोधी, मंडल प्रभारी लल्लन राय, जिलाध्यक्ष दीनानाथ यादव, शमशाद अहमद, दिनेश यादव, कृष्णा, पप्पू गौतम, अजीत यादव, नावेद अहमद की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

गठबंधन को सपा पहली प्राथमिकता

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वह गठबंधन के लिए तैयार हैं। पहली प्राथमिकता सपा से गठबंधन की है। दो वर्ष से वह इस कोशिश में लगे हैं। भाजपा सरकार हटाने के लिए समान विचारधारा के दलों को गठबंधन करना होगा। वर्ष 2022 में प्रदेश में बनने वाली सरकार में प्रसपा (लोहिया) की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

chat bot
आपका साथी