प्रयागराज में सड़क पर दो अनहोनी, कारों की भिड़ंत में नौ लोग जख्मी, बाइक सवार की मौत के बाद चक्काजाम

यमुनापार में नारीबारी इलाके के सुरवल साहनी में बाइक सवार दो लोगों को तेज गति में बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार दोनों लोग घायल हुए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में सुरवल साहनी निवासी 48 वर्षीय इंद्रजीत सिंह की मौत हो गई

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 10:24 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 10:24 PM (IST)
प्रयागराज में सड़क पर दो अनहोनी, कारों की भिड़ंत में नौ लोग जख्मी, बाइक सवार की मौत के बाद चक्काजाम
लखनऊ हाइवे पर लालगोपालगंज इलाके में रविवार रात दो कार के बीच तेज रफ्तार में जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में हाइवे पर रविवार देर शाम और रात में दो भीषण हादसे हो गए। पहली दुर्घटना में लखनऊ हाइवे पर लालगोपालगंज इलाके में रविवार रात दो कार के बीच तेज रफ्तार में जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों कार में मौजूद लोग परिवार के लोग जख्मी हो गए। बच्ची समेत नौ लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। फिर पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, नारीबारी में बोलेरो कार की टक्कर से बाइक सवार एक शख्स की मौत होने पर लोगों ने जाम लगा दिया था। हालांकि पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर हटाया और यातायात सुचारू कराया। 

हैदराबाद और लखनऊ से आ रही थी कारें और हो गई टक्कर

लालगोपालगंज इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पलएं गांव में रविवार की देर शाम लगभग 6:30 बजे वैगनआर कार सवार दंपती परिवार के साथ हैदराबाद से लखनऊ जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर प्रतापगढ़ जनपद के मानिकपुर में शादी समारोह में शामिल होने के बाद एक परिवार कार में प्रयागराज जा रहे थे। लखनऊ हाइवे पर पलएं गांव के पास दोनों कार में आमने-सामने से टक्कर हो गई। हैदराबाद से लखनऊ जा रही कार में सवार लक्ष्मी देवी (60), अरुण कुमार (65), श्याम (32), अमित कुमार (36) और 5 वर्ष की एक बच्ची घायल हो गई। प्रतापगढ़ से आ रही कार में सवार शकील (52), अल्तमस (22 वर्ष), जिकरा (16 वर्ष) और अयान (21 वर्ष) घायल हो गए। दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों से खबर पाकर लालगोपालगंज चौकी प्रभारी दुर्गेश सिंह सिपाहियों के साथ पहुंचे और दोनों कार से घायलों को निकालकर ग्रामीणों की मदद से दो अलग-अलग एंबुलेंस में कौड़िहार सीएचसी अस्पताल भेजा गया। वहां शकील, लक्ष्मी और अरुण की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।

नारीबारी में कार की टक्कर से युवक की मौत के बाद जाम

उधर, यमुनापार में नारीबारी इलाके के सुरवल साहनी में बाइक सवार दो लोगों को तेज गति में बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार दोनों लोग  घायल हुए जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में सुरवल साहनी निवासी 48 वर्षीय इंद्रजीत सिंह की मौत हो गई जबकि उनके साढ़ू बादशाह गंभीर जख्मी हो गए।

chat bot
आपका साथी