मुंबई में यातना दी और दुष्कर्म किया, पीड़ित महिला ने लिखाया प्रयागराज में मुकदमा

विवाहिता का आरोप है कि मुंबई में उसे खाना-पानी नहीं दिया जाता था। पति अनैतिक तरीके से संबंध बनाता था। जेठ ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। मायके वाले मुंबई पहुंचे और उसे यहां ले आए। उसने पति सास ससुर जेठ और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 06:30 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 06:30 PM (IST)
मुंबई में यातना दी और दुष्कर्म किया, पीड़ित महिला ने लिखाया प्रयागराज में मुकदमा
देवर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुकदमे के अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। नवाबगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। साथ ही पति पर अनैतिक तरीके से संबंध बनाने और जेठ पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने विवाहिता के देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दे रही है।

मुंबई ले जाकर भूखा प्यासा रखने का लगाया आरोप

नवाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता की शादी पिछले वर्ष क्षेत्र के ही युवक से हुई थी। विवाह के बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। दुकान खोलने के लिए पांच लाख रुपये मांगे गए। विवाहिता के मायके वालों ने इन्कार करते हुए कुछ समय मांगा तो पति उसे लेकर मुंबई चला गया। साथ में जेठ भी गया। विवाहिता का आरोप है कि वहां से खाना-पानी नहीं दिया जाता था। पति अनैतिक तरीके से संबंध बनाता था। जेठ ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह उसके स्वजनों को जानकारी हुई तो वे मुंबई पहुंचे और उसे यहां ले आए। उसने पुलिस को आपबीती बताते हुए पति, सास, ससुर, जेठ और देवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपित देवर को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी का कहना है कि अन्य आरोपितों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।

घर में अकेली थी किशोरी तभी किया मनमानी का प्रयास

कौशांबी : कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर युवक ने उसकी पिटाई की और धमकी देते हुए भाग निकला। शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोखराज क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि रविवार को उसकी बहन छोटे भाई के घर पर मौजूद थी। भाई व उसके परिवार के लोग खेत की तरफ गए थे। इस बीच बेवरा पट्टी नरवर गांव का महफूज अहमद दरवाजा खुला देख घर में घुस गया और किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर युवक ने उसकी पिटाई की। किसी तरह चंगुल से छूटी किशोरी ने शोर मचाया तो युवक धमकी देते हुए भाग निकला। घर पहुंचे भाई व उसके परिवार वालों को किशोरी ने आपबीती सुनाई। शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ सोमवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी