विवाहिता की मौत के बाद मच गया हंगामा, प्रयागराज के करछना में मायके वालों ने लगाया कत्ल का इल्जाम

26 वर्षीय महिमा निषाद की रविवार सुबह मौत की खबर फैली। खबर पाकर शंकरगढ़ से महिला के मायके वाले भी आ गए। ससुरालियों ने उन्हें बताया कि महिमा के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा था। उसे एक निजी अस्पताल में उपचार की खातिर ले जाया गया

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 05:25 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 05:25 PM (IST)
विवाहिता की मौत के बाद मच गया हंगामा, प्रयागराज के करछना में मायके वालों ने लगाया कत्ल का इल्जाम
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई होगी।

प्रयागराज, जेएनएन। यमुनापार में करछना इलाके के कटका गांव में विवाहित महिला की रविवार सुबह रहस्यमय हालात में मौत के बाद हंगामा मच गया। मायके वालों ने आकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पीटकर मारा गया है। बचने के लिए बीमारी की बात कही जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई होगी।

पीटकर मार डालने का आरोप

करछना थाना के कटका गांव निवासी विजय निषाद की पत्नी 26 वर्षीय महिमा निषाद की रविवार सुबह मौत की खबर फैली। खबर पाकर शंकरगढ़ से महिला के मायके वाले भी आ गए। ससुरालियों ने उन्हें बताया कि महिमा के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा था। उसे एक निजी अस्पताल में उपचार की खातिर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मगर मायके वालों को महिमा की मौत के बारे में ससुराल वालों की यह बात गले नहीं उतरी। उन्होंने महिमा को पीटकर मार डालने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। बवाल मचा तो भीड़ लगी और फिर खबर पाकर पुलिस वहां पहुंच गई। करछना थाने की भीरपुर चौकी प्रभारी शिवांशु पांडेय और डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने मायके वालों से बात की और फिर कार्रवाई का भरोसा देकर महिमा का शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चार साल पहले किया गया था विवाह

पुलिस को फौरी जांच में जानकारी मिली कि कटका गांव निवासी विजय निषाद पुत्र लालचंद निषाद की शादी चार साल पहले शंकरगढ़ थाना के डीहरी सलैया गांव निवासी त्रिभुवन निषाद की पुत्री महिमा के साथ हुआ था। उसने दो बेटियों को जन्म दिया। पति विजय का कहना है कि रविवार सुबह वह मजदूरी के लिए जा रहा था। तभी पेट दर्द होने पर महिला को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बची। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया और कहा कि ससुराल वालों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी