भाजपा के सह संगठन मंत्री भवानी सिंह की अस्थियां संगम में प्रवाहित, कोरोना संक्रमण से हुआ था निधन

भवानी सिंह का निधन पांच मई को कोरोना संक्रमण के चलते हो गया था। उन्हें इलाज के लिए पीजीआई लखनऊ में भर्ती किया गया था और फिर तबीयत नहीं सुधरने पर हैदराबाद ले जाया गया था। अंतिम संस्कार भी हैदराबाद में ही कर दिया गया था।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 05:50 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 05:50 PM (IST)
भाजपा के सह संगठन मंत्री भवानी सिंह की अस्थियां संगम में प्रवाहित, कोरोना संक्रमण से हुआ था निधन
शनिवार को उनका अस्थि कलश प्रयागराज लाया गया। यहां आरएसएस के स्वयं सेवकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

प्रयागराज, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक व भाजपा उत्तर प्रदेश के सह संगठन मंत्री भवानी सिंह की अस्थियां रविवार को संगम में विसर्जित कर दी गईं। उनका निधन पांच मई को कोरोना संक्रमण के चलते हो गया था। उन्हें इलाज के लिए पीजीआई लखनऊ में भर्ती किया गया था और फिर तबीयत नहीं सुधरने पर हैदराबाद ले जाया गया था। अंतिम संस्कार भी हैदराबाद में ही कर दिया गया था।

विसर्जन के बाद शोक सभा और श्रद्धांजलि

शनिवार को उनका अस्थि कलश प्रयागराज लाया गया। यहां आरएसएस के स्वयं सेवकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल की उपस्थिति में क्षेत्र शारीरिक प्रमुख गजेंद्र ने विधि विधान से संगम तट पर पिंडदान कर अस्थियों को संगम में प्रवाहित किया। इस दौरान सह प्रांत प्रचारक मुनीष, विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र, सह विभाग प्रचारक डॉक्टर पीयूष आदि मौजूद रहे। इसके बाद सिविललाइंस स्थिति संघ कार्यालय पर संगठन के पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों ने शोकसभा की। प्रांत प्रचार प्रमुख मुरारजी त्रिपाठी ने बताया कि भवानी सिंह मूलत: फर्रूखाबाद के कंपिल के निवासी थे। स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद मानविकी में डॉक्टरेट किया। किसान परिवार में जन्मे भवानी सिंह 1990 में इटावा में संघ के नगर प्रचारक, मेरठ एवं ब्रज प्रांत में विभाग प्रचारक बने। 2013 में भाजपा के ब्रज एवं कानपुर क्षेत्र के संगठन मंत्री का दायित्व मिला। वर्तमान में भाजपा के काशी एवं गोरखपुर क्षेत्र के प्रदेश सह संगठन मंत्री का दायित्व निभा रहे थे।

भाजपा ने खो दिया कुशल संगठन शिल्पी : सांसद

भाजपा के सह संगठन मंत्री भवानी सिंह के निधन पर कई संगठनों ने शोक जताया। फूलपुर सांसद केसरी देवी पटेल ने कहा कि पार्टी ने एक कुशल संगठन शिल्पी खो दिया। वह मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। इलाहाबाद सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, पूर्व विधायक दीपक पटेल,  पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वाष्र्णेय, पार्षद पवन श्रीवास्तव आदि ने भी श्रद्धांजलि दी।

chat bot
आपका साथी