पागल प्रेमी ने नहीं किया कत्ल बल्कि दुल्हन के भाई ने की फायरिंग, प्रतापगढ़ के हत्याकांड में नया राजफाश

फरार दूसरे आरोपित फिरोज के पकड़े जाने पर कहानी ही पलट गई। पता चला कि दुल्हन के भाई विनय ने पहले से योजना बनाकर दूसरे की लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग की थी और तभी गोली लगने से प्रेम की मौत होने पर कत्ल की कहानी गढ़ ली गई थी।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 05:00 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 08:26 PM (IST)
पागल प्रेमी ने नहीं किया कत्ल बल्कि दुल्हन के भाई ने की फायरिंग, प्रतापगढ़ के हत्याकांड में नया राजफाश
दुल्हन के भाई विनय ने हर्ष फायरिंग की और प्रेम की मौत होने पर कत्ल की कहानी गढ़ ली गई

प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में रानीगंज के लोहारतारा गांव में शादी समारोह में फायरिंग के दौरान दुल्हन के चचेरे भाई प्रेम सिंह की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस ने इस घटना में परिवार वालों की एफआइआर के आधार पर गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जिस पर आरोप लगा था कि उसने इकतरफा इश्क में नाकाम रहने की वजह से दूल्हे पर फायर किया था लेकिन गोली लग गई प्रेम को। मगर फरार आरोपित फिरोज के पकड़े जाने पर कहानी ही पलट गई। पता चला कि दुल्हन के भाई विनय ने पहले से योजना बनाकर दूसरे की लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग की थी और तभी गोली लगने से प्रेम की मौत होने पर कत्ल की कहानी गढ़ ली गई थी। पुलिस ने असली कहानी सामने लाने के साथ ही दूल्हे के भाई समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार विवेक को रिहा कर दिया जाएगा।

दुल्हन के चचेरे भाई की मौत के बाद गढ़ी थी कहानी

रानीगंज के लोहारतारा गांव में मंगलवार को यह घटनाक्रम कोटेदार निगम सिंह की बेटी मीनाक्षी के विवाह समारोह के दौरान हुआ था। द्वारपूजा के बाद की गई हर्ष फायरिंंग के दौरान गोली लगने से दुल्हन के चचेरे भाई प्रेम सिंह की मौत हो गई थी। घटना को दूसरा रूप देने के लिए कहा गया कि गांव के विवेक सिंह ने मीनाक्षी से इकतरफा प्यार की वजह से उसकी शादी के दौरान दूल्हे का कत्ल के इरादे से फायर किया था लेकिन गोली लग गई थी प्रेम को जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने विवेक को पिता समेत हिरासत में लिया और पूछताछ की लेकिन वह इस घटना से इंकार करता रहा। फिर पुलिस ने घटना के बाद से फरार फिरोज को पकड़ा तो उसने दूसरी ही कहानी बताई।

लाइसेंसी रिवाल्वर धारक और दूल्हे के भाई समेत तीन हुए गिरफ्तार

पूछताछ और जांच में पुलिस को पता चला कि शादी के दौरान हर्ष फायरिंग की योजना पहले से दुल्हन के भाई विनय सिंह ने बनाई थी। इसके लिए गांव के संजय सिंह की लाइसेंसी रिवाल्वर मांगकर फिरोज ले आया था। इसके बाद द्वारचार के दौरान हर्ष फायरिंग करते वक्त गोली लगने से प्रेम सिंह की मौत हो गई थी। पुलिस ने दुल्हन के भाई विनय सिंह, रिवाल्वर मांगकर लगाने वाले फिरोज तथा लाइसेंसी रिवाल्वर दूसरे को देने का अपराध करने वाले संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है

chat bot
आपका साथी