कौशांबी में ​​​​​मौसी की शादी में गई थी बालिका, रजाई गद्दे के नीचे दबकर घुट गया दम

रविवार की शाम लगभग छह बजे घर के बाहर चारपाई पर रामू की पांच साल की नातिन नीतू सो रही थी। तभी बारातियों के लिए परिवार के लोग टेंट हाउस से गद्देे और रचाई लाकर चारपाई पर सो रही नीतू के ऊपर डालकर भूल गए।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 04:59 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 04:59 PM (IST)
कौशांबी में ​​​​​मौसी की शादी में गई थी बालिका, रजाई गद्दे के नीचे दबकर घुट गया दम
कौशांबी जनपद के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव का यह दुखद वाकया है।

प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव का यह दुखद वाकया है। इस गांव के निवासी रामू पुत्र रामदेव की बेटी का रविवार को विवाह था। रविवार की शाम लगभग छह बजे घर के बाहर चारपाई पर रामू की पांच साल की नातिन नीतू सो रही थी। तभी बारातियों के लिए परिवार के लोग टेंट हाउस से गद्देे और रचाई लाकर चारपाई पर सो रही नीतू के ऊपर डालकर भूल गए। लोगों को पता भी नहीं था कि वहां बालिका सो रही है। लोग बच्ची के ऊपर रजाई और गद्दे का ढेर लगाते गए। इससे नीतू का दम घुट गया। कुछ देर बाद जब रजाई गद्दा का ढेर हटाया तो उसके नीचे बच्ची का निर्जीव शरीर मिला। नीतू की मौत की खबर फैली तो कोहराम मच गया। शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया। आनन-फानन बच्ची का शव लेकर उसके परिवार के लोग अपने गांव चले गए।

करंट से युवा किसान की मौत

कौशांबी जनपद के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के ही डेढ़ावल गांव में नलकूप का तार जोड़ते समय किसान करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। डेढ़ावल गांव निवासी शंकर दयाल का 23 वर्षीय बेटा धीरू सिंह खेती के जरिए परिवार का भरण पोषण करता था। उसने फसल की सिंचाई के लिए अपने खेत में नलकूप भी लगा रखा था। परिवार वालों का कहना है कि सोमवार की सुबह वह स्टार्टर में टूटी तार को जोड़ रहा था। इस बीच धीरू करंट की चपेट में आ गया। कुछ देर बाद उसकी झुलसकर मौत हो गई। उधर से गुजर रहे लोगों ने उसकी लाश पड़ी देखी तो परिवार वालों को जानकारी दी। रोते-बिलखते स्वजन घटनास्थल पर आ गए। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।

chat bot
आपका साथी