आशिक मिजाजी पड़ी दूल्हे को भारी, प्रतापगढ़ में जयमाल स्टेज पर युवती को खींचा तो बिफरी दुल्हन, घरातियों ने की पिटाई

दूल्हे ने जयमाल के बाद साथ में फोटो खिंचा रही एक युवती को पकड़कर ऐसी हरकत कर दी कि दुल्हन समेत सभी भड़क उठे। लोगों को यह भी शक हुआ कि दूल्हा नशे में बहका हुआ है। गुस्से में दुल्हन के घरवालों ने दूल्हे को पीट दिया

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 11:19 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 11:19 PM (IST)
आशिक मिजाजी पड़ी दूल्हे को भारी, प्रतापगढ़ में जयमाल स्टेज पर युवती को खींचा तो बिफरी दुल्हन, घरातियों ने की पिटाई
घरातियों ने दूल्हे की पिटाई कर दी तो दुल्हन ने भी कहा कि वह ऐसे शख्स से विवाह नहीं करेगी।

प्रयागराज, जेएनएन। इधर कुछ समय से प्रतापगढ़ जनपद शादी समारोहों में होने वाली गलत हरकतों और घटनाओं की वजह से सुर्खियों में है। मंगलवार रात शादी समारोह में दुल्हन के चचेरे भाई की हत्या कर दी गई थी जबकि  कंधई इलाके में जयमाल के दौरान दूल्हे की अश्लील हरकत पर बवाल हो गया। घरातियों ने दूल्हे की पिटाई कर दी तो दुल्हन ने भी कह दिया कि वह ऐसे शख्स से कतई विवाह नहीं करेगी। बरातियों को भी इसके बाद बंधक बना लिया गया और तभी छोड़ा गया जब सारा लेनदेन हो गया। बरात बिन दुल्हन लौट गई।  

फोटो खिंचा रही युवती को पकड़ा तो भड़क उठे सभी

यह घटनाक्रम कंधई इलाके के बाहूपुर गांव में सोमवार रात का है। बराती नाचते झूमते विवाह स्थल पर पहुंचे। द्वारचार के बाद जयमाल के लिए दूल्हे को जयमाल स्टेज पर ले जाया गया। तभी दूल्हे ने साथ में फोटो खिंचा रही एक युवती को पकड़कर ऐसी हरकत कर दी कि दुल्हन समेत सभी भड़क उठे। लोगों को यह भी शक हुआ कि दूल्हा नशे में बहका हुआ है। गुस्से में दुल्हन के घरवालों ने दूल्हे को पीट दिया जिसके बाद बखेड़ा हो गया। दुल्हन उठ खड़ी हुई और शादी से साफ मनाकर वहां से चली गई। इसके बाद दूल्हे समेत सभी बरातियों को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। दूल्हे  की इस कारस्तानी से रिश्ता टूट गया। दूसरे रोज शादी में हुए खर्च को चुकता करने के बाद दूल्हा बिना दुल्हन लौट गया। 

नशेड़ी दूल्हा और रिवाल्वर वाली दुल्हन, चर्चा में रहे कई विवाह

आशिक मिजाज दूल्हे की हरकत की तरह प्रतापगढ़ में इधर कई शादियां सुर्खियों में रही हैं। मंगलवार रात ही रानीगंज इलाके के सरायखेर खां गांव में इकतरफा इश्क की वजह से एक युवक ने द्वारचार के दौरान ही दूल्हे पर गोली चला दी जिसके निशाने पर आने से दुल्हन के चचेरे भाई की मौत हो गई। इसके पहले 30 मई की रात जेठवारा इलाके में जयमाल स्टेज पर जाने से पहले दुल्हन ने अपने चाचा की लाइसेंसी रिवाल्वर से हवा में गोली दागी थी और यह वीडियो देश भ में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था। हालांकि दुल्हन की यह हरकत उसके परिवार के लिए मुसीबत का भी सबब बनी क्योंकि पुलिस ने केस लिखकर गिरफ्तारी भी की। इसके बाद सात जून को मान्धाता इलाके के टिकरी गांव में नशे में धुत दूल्हे की हरकत से दुल्हन बिफर पड़ी थी। दूल्हा और बराती नशे में बहके थे। दूल्हे ने दुल्हन को शादी से पहले डांस के लिए खींचने का प्रयास किया तो सब भड़क उठे। दुल्हन ने कह कहते हुए विवाह करने से साफ मना कर दिया कि नशेड़ी दूल्हे के साथ वह नही जीवन गुजार सकती है। दूल्हे का परिवार पुलिस के पास भी गया लेकिन दुल्हन ने फैसला नहीं बदला। 

chat bot
आपका साथी