आतंकी मुठभेड़ में शहीद फौजी कर्णवीर का पार्थिव शरीर वायुसेना के विमान में लाया गया प्रयागराज

आतंकियों की फायरिंग में तीन फौजी भी जख्मी हुए। उन्हें करीबी सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां गंभीर घायल सिपाही कर्णवीर सिंह की सांस थम गई। 25 वर्षीय कर्णवीर सिंह सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स के बहादुर सिपाही थे। वह मध्य प्रदेश में सतना के दलदल गांव निवासी थे।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 01:13 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 10:06 PM (IST)
आतंकी मुठभेड़ में शहीद फौजी कर्णवीर का पार्थिव शरीर वायुसेना के विमान में लाया गया प्रयागराज
फौजी का पार्थिव शरीर कश्मीर से वायुसेना के विमान से प्रयागराज में बमरौली स्थित सैन्य एयरपोर्ट पर लाया जाएगा

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। कश्मीर के शोपियां जनपद में बुधवार को आतंकवादियों से मुठभेड़ में मध्य प्रदेश के सतना जिला निवासी फौजी कर्णवीर सिंह शहीद हो गए। इस मुठभेड़ में दो आतंकी भी ढेर हुए। फौजी का पार्थिव शरीर आज गुरूवार शाम कश्मीर से वायुसेना के विमान से प्रयागराज में बमरौली स्थित सैन्य एयरपोर्ट पर लाया गया। यहां शव को मिलिट्री हास्पिटल में रखकर सैनिक सम्मान और श्रद्धाजंलि दी गई। शुक्रवार सुबह शहीद का पार्थिव शरीर सतना में उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा।

दो आतंकियों को किया ढेर और हो गए शहीद

गैर कश्मीरी आम नागरिकों के कत्ल के बाद इधर कुछ दिनों से श्रीनगर में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ अभियान में तेजी ला दी है। सेना से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह सटीक सूचना मिलने पर शोपियां जनपद के चिल्लीपोरा में सेना और पुलिस ने घेराबंदी की थी। आतंकियों को चिन्हित करने के बाद सेना ने उन्हें सरेंडर के लिए कहा लेकिन वे जबरदस्त फायरिंग करने लगे। सेना ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें दो आतंकी मारे गए। उनके पास एके 47 राइफलें और गोला बारूद बरामद हुए। आतंकियों की फायरिंग में तीन फौजी भी जख्मी हुए। उन्हें हेलीकाप्टर से करीबी सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां गंभीर घायल सिपाही कर्णवीर सिंह की सांस थम गई। बाकी दो फौजियों की हालत खतरे से बाहर और स्थिर थी।

सतना में सैनिक सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि

25 वर्षीय शहीद कर्णवीर सिंह सेना की 44 राष्ट्रीय राइफल्स के बहादुर सिपाही थे। वह मध्य प्रदेश में सतना जनपद के दलदल गांव के रहने वाले थे। परिवार में उनकी मां हैं। श्री नगर में सैनिक सम्मान के बाद कर्णवीर का पार्थिव शरीर वायुसेना के विमान से यहां बमरौली एयरपोर्ट लाया गया है। शुक्रवार सुबह सैन्य वाहन से पार्थिव शरीर को सतना में उनके गांव ले जाने के बाद पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी