प्रयागराज से कौशांबी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव, बोले सूबे में नकल माफिया की खैर नहीं

प्रयागराज प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा भारतीय जनता पार्टी शिक्षा और नकल माफिया के खिलाफ महाअभियान चलाएगी। इसका मकसद उत्तर प्रदेश को शिक्षा और नकल माफिया से मुक्त कराना है। उन्होंने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि वह परेशान न हों

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 02:27 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 03:44 PM (IST)
प्रयागराज से कौशांबी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव, बोले सूबे में नकल माफिया की खैर नहीं
प्रयागराज प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने नकल माफिया को दी चेतावनी

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा अब प्रदेश में नकल माफिया और शिक्षा माफिया की खैर नहीं है। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2021 का प्रश्नपत्र लीक मामले में उन्होंने सख्त हिदायत दी। कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन लोगों की बदौलत परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। डिप्टी सीएम ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग परिसर में आवासों के निर्माण की 965.87 लाख रुपये की परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।

कौशांबी पहुंचे केशव, पदाधिकारियों से मिले, विभागीय अधिकारियों को चेतावनी

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद प्रयागराज से कौशांबी रवाना होकर 12.30 बजे सयारां स्थित मां शीतला अतिथि गृह पहुंचे जहां सांसद विनोद सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, विधायक शीतला पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने फूल-माला से उनका स्वागत किया। उन्होंने डीएम और एसपी के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की। विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि सभी परियोजनाओं को समय से पूरा किया जाए। कोई भी शिथिलता नहीं बरती जानी है। रात्रि प्रवास के बाद शुक्रवार को केशव कई कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

बोले-शिक्षा और नकल माफिया के खिलाफ भाजपा चलाएगी महा अभियान

प्रयागराज प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा भारतीय जनता पार्टी शिक्षा और नकल माफिया के खिलाफ महाअभियान चलाएगी। इसका मकसद उत्तर प्रदेश को शिक्षा और नकल माफिया से मुक्त कराना है। उन्होंने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि वह परेशान न हों। प्रदेश सरकार ने 26 दिसंबर को परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। पेपर लीक होने से उनको काफी परेशानियां हुईं। उनकी इस परेशानी का हिसाब नकल माफिया से लिया जाएगा। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ने कहा संगमतीरे जल्द तंबुओं की नगरी भी आबाद हो जाएगी। माघ मेला की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं। शासन लगातार इसकी मानीटरिंग कर रहा है। कोरोना के संकट की भी आहट है। इस लिहाज से कोविड प्रोटोकाल के बीच माघ मेला संपन्न कराया जाएगा।

जल्द तैयार होगी नेशनल ला यूनिवर्सिटी

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा झलवा में नेशनल ला यूनिवर्सिटी भी जल्द बनकर तैयार हो जाएगी। इसके लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा प्रयागराज का यह विश्वविद्यालय प्रदेश ही नहीं वरन देश में अलग स्थान स्थापित करेगा। विधि के क्षेत्र में प्रयागराज के लिए यह बड़ी सौगात है।

विकास से दूर रहीं पिछली सरकारें

आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा अब चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिलेगा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना भी साधा। केशव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछली सरकारें विकास से कोसों दूर रहीं। भाजपा की सरकार में प्रयागराज विकास के पथ पर लगातार अग्रसर है।

chat bot
आपका साथी