प्रदेश उपाध्‍यक्ष ने तलब की कांग्रेस नेताओं के बीच मंच पर बैठने के विवाद की रिपोर्ट Prayagraj News

यमुनापार अध्यक्ष अरुण तिवारी और शहर अध्यक्ष नफीस अनवर देर से पहुंचे तो उनको मंच पर बैठने के लिए कुर्सी भी नहीं मिली। इससे वहां पर पदाधिकारियों के बीच नोकझोंक हुई। फिर इन लोगों ने वरिष्ठ पदाधिकारियों से शिकायत की।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 11:30 AM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 11:30 AM (IST)
प्रदेश उपाध्‍यक्ष ने तलब की कांग्रेस नेताओं के बीच मंच पर बैठने के विवाद की रिपोर्ट Prayagraj News
प्रदेश उपाध्‍यक्ष के मुताबिक मंच पर बैठने को लेकर विवाद की जानकारी मिली है। मामले की रिपोर्ट तलब की है।

प्रयागराज,जेएनएन। कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ताओं के बीच चल रही अंदरूनी गुटबाजी थम नहीं रही है। रविवार को केपी गर्ल्‍स इंटर कालेज परिसर में कांग्रेस कमेटी की ओर हुए पुरस्कार वितरण समारोह में अंदरूनी कलह सामने आई थी। यह विवाद लखनउ और दिल्‍ली के वरिष्ठ पदाधिकारियों तक पहुंच गया है। इसलिए अब मामले की रिपोर्ट प्रदेश उपाध्यक्ष ने तलब की है। उन्होंने कहा कि गुटबाजी नहीं चलने दी जाएगी। बताया जा रहा कि किसानों के हक की लड़ाई के बाद दो-तीन दिन में तीनों अध्यक्षों को लखनऊ बुलाया जा सकता है। 

यह था मामला

दरअसल पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मतिथि पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता कराई गई थी। उसके विजेता बच्चों को पुरस्कृत करने के लिए पार्टी की ओर से केपी गर्ल्‍स इंटर कॉलेज के सभागार में कार्यक्रम हुआ। इसमें समय से पहुंचे गंगापार जिलाध्यक्ष रामकिशुन पटेल ने इसका शुभारम्भ करा दिया। जबकि यमुनापार अध्यक्ष अरुण तिवारी और शहर अध्यक्ष नफीस अनवर देर से पहुंचे तो उनको मंच पर बैठने के लिए कुर्सी भी नहीं मिली। इससे वहां पर पदाधिकारियों के बीच नोकझोंक हुई। फिर इन लोगों ने वरिष्ठ पदाधिकारियों से शिकायत की। प्रयागराज के प्रभारी उज्जवल शुक्ला ने बताया कि आपसी समन्वय की कमी से ऐसी घटना हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी को जांच अधिकारी बनाया गया है। रिपोर्ट मांगी जाएगी तो नए-पुराने कार्यकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाएगा। बताया कि नई कमेटी गठित की गई है। पार्टी में बदलाव की मुहिम चल रही है। कुछ दिक्कतें भी आती हैं। जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे।

रिपोर्ट के आधार पर मंथन के बाद उठाया जाएगा कदम

वहीं, वीरेंद्र चौधरी का कहना है कि मंच पर बैठने को हुए विवाद की जानकारी मिली है। मामले की रिपोर्ट मंगवाई गई है। रिपोर्ट के आधार पर मंथन करने के बाद ही आगे कोई कदम उठाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी