भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बोले- कोविड 19 वैक्सीन की दुनिया में सराहना पर विपक्ष सवाल खड़े कर रहा
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने प्रयागराज में कहा कि देश में बनी वैक्सीन पूरी तरह विश्वसनीय है। अब तक एक भी मामला ऐसा नहीं आया है जिसे लेकर किसी तरह की विसंगति पैदा हो। बावजूद इसके विपक्षी लोगों को भ्रमित कर रहे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। कोविड-19 वैक्सीन को लेकर पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। सभी देश के विज्ञानियों और चिकित्सकों का लोहा मान रहे हैं। विपक्ष इन सब से अलग अपना राग अलाप रहा है। उसे देश के विज्ञानियों पर भरोसा नहीं है। तरह तरह के सवाल उठाकर भारतीय मेधा का मखौल उड़ाया जा रहा है। यह कहना है भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. एलएस ओझा का।
बोले- देश में बनी वैक्सीन पूरी तरह विश्वसनीय है
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने प्रयागराज में कहा कि देश में बनी वैक्सीन पूरी तरह विश्वसनीय है। अब तक एक भी मामला ऐसा नहीं आया है जिसे लेकर किसी तरह की विसंगति पैदा हो। बावजूद इसके विपक्षी लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। सरकार की आलोचना कर रहे हैं जब कि यह विषय संगठित रहने और देश के विज्ञानियों को प्रोत्साहित करने का है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वैकसीन की खुराक लगवा ली है, इस पर भी तरह तरह की बात कही जा रही है। जब कि उन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई थी तब तक विपक्ष यह कह रहा था कि वह वैक्सीन क्यों नहीं लगवा रहे। अब लगवा लिया तो कहा जा रहा है क्यों लगवाया। इस तरह की नकारात्मक सोंच से क्या हासिल करना चाहता है विपक्ष।
अब विपक्ष की कलई खुल चुकी है : सांसद केशरी देवी
फूलपुर सांसद केसरी देवी पटेल का कहना है कि कोविड वैक्सीन के विरुद्ध वातावरण बनाने की कोशिश विपक्ष कर रहा है। देश के सामने विपक्षी दलों की कलई खुल अब खुल चुकी है। आम जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। उन्होंने खुद भी वैक्सीन लगवा ली है। अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं। जल्द ही देश के सभी लोगों के लिए वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी। यह संभव होगा देश के विज्ञानियों की मेहनत से।