Nadi Adhikar Yatra: वरिष्‍ठ नेता प्रमोद तिवारी बोले- कांग्रेस सरकार बनी तो नदी, बालू, मिट्टी पर निषादों का होगा हक

Nadi Adhikar Yatra वरिष्‍ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी ने नदी अधिकार यात्रा को हरी झंडी दिखाई। कहा कि मां गंगा और यमुना का निषादों से मां-बेटे का रिश्ता है। भाजपा सरकार ने मां और बेटा को अलग करने कार्य किया है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 01:42 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 05:51 PM (IST)
Nadi Adhikar Yatra: वरिष्‍ठ नेता प्रमोद तिवारी बोले- कांग्रेस सरकार बनी तो नदी, बालू, मिट्टी पर निषादों का होगा हक
कांग्रेस की प्रयागराज में नदी अधिकार यात्रा का वरिष्‍ठ नेता प्रमोद तिवारी ने शुरूआत की।

प्रयागराज, जेएनएन। कांग्रेस की बहुप्रचारित नदी अधिकार यात्रा का सोमवार दोपहर घूरपुर के बसवार से करीब एक बजे आगाज हुआ। कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य प्रमोद तिवारी ने संक्षिप्त संबोधन के बाद पार्टी का झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निषाद समुदाय को उनका पुश्तैनी अधिकार दिलाएगी। 

प्रमोद तिवारी ने नदी अधिकार यात्रा को हरी झंडी दिखाई

प्रमोद तिवारी ने नदी अधिकार यात्रा की शुरूआत करने के बाद उपस्थित लोगों से कहा कि मां गंगा और यमुना का निषादों से मां-बेटे का रिश्ता है। भाजपा सरकार ने मां और बेटा को अलग करने कार्य किया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के समय लागू कानून को बहाल किया जाएगा और नदी, मिट्टी और बालू पर निषाद समुदाय का हक होगा। 

पहले दिन करीब 300 लोग पदयात्रा में शामिल हुए

पहले दिन करीब तीन सौ लोग नदी अधिकार यात्रा के तहत पदयात्रा में शामिल हुए हैैं। इसमें अरैल, मवैया गांव के निषाद भी शामिल हैंं। सभी लोग यात्रा प्रभारी कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मनोज यादव की अगुवाई में अगले पड़ाव के लिए निकले हैं। 

विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बना लिया है

विदित हो कि बसवार में चार फरवरी को बालू के अवैध खनन पर प्रशासन ने कार्रवाई की थी। विपक्षी दलों ने इसे मुद्दा बना लिया है। पहले समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोला फिर निषाद पार्टी आगे आई। इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में कांग्रेस ने भी सरकार को निशाने पर ले लिया। प्रियंका गांधी वाड्रा 21 फरवरी रविवार को खुद बसवार गांव आईं थीं। उन्होंने तोड़ी गई नावों की मरम्मत के लिए 23 निषाद परिवारों को 10 लाख रुपये की सहायता प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से दिलवाई ही, नदी अधिकार यात्रा निकाले जाने का भी ऐलान कर दिया। 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के मीरजापुर में यात्रा में शामिल होने के आसार

कांग्रेस महासचिव ने इस मसले पर सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लडऩे की बात कही है। नदी अधिकार यात्रा 20 मार्च को बलिया के मांझी घाट पर समाप्त होगी। इस दौरान कांग्रेसजन करीब 600 गांवों में लोगों से संवाद करेंगे। यात्रा मीरजापुर, भदोही, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर होते हुए बलिया पहुंचेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के मीरजापुर में यात्रा में शामिल होने के आसार हैैं।

chat bot
आपका साथी