Ramleela 2021: पथरचट्टी रामलीला के पात्र चयनित, जानें किस कलाकार को क्‍या मिला रोल

Ramleela 2021 प्रयागराज की प्राचीन श्रीपथरचट्टी रामलीला कमेटी की रामलीला कथा रामराज की के लिए कमेटी ने कलाकारों काे चयनित कर लिया है। सत्यम उपाध्याय श्रीराम का अभिनय करेंगे और श्रेया सिंह को सीता के पात्र के लिए चुना गया है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 10:40 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 10:43 AM (IST)
Ramleela 2021: पथरचट्टी रामलीला के पात्र चयनित, जानें किस कलाकार को क्‍या मिला रोल
प्रयागराज की ऐतिहासिक श्रीपथरचट्टी रामलीला कमेटी ने कलाकारों का चयन कर लिया है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। शारदीय नवरात्र में रामलीला के मंचन की पुरानी परंपरा रही है। हालांकि पिछले दो वर्ष से रामलीला के मंचन पर कोरोना वायरस संक्रमण का असर रहा। पारंपरिक तरीके से रामलीला तो हुई लेकिन पूरी भव्‍यता के साथ नहीं मंचन हुआ। इस बार कोरोना संकट काफी कम होने के कारण रामलीला के मंचन की उम्‍मीद भी है। इसे लेकर प्रयागराज में भी तैयारी शुरू कर दी गई है। रामलीला कमेटियों के पात्रों के चयन का क्रम भी शुरू हो गया है। इसके लिए कलाकारों का स्‍क्रीन टेस्‍ट भी लिया जा रहा है।

श्रीराम बनेंगे सत्यम, सीता का रोल करेंगी श्रेया सिंह

प्रयागराज की प्राचीन श्रीपथरचट्टी रामलीला कमेटी की रामलीला 'कथा रामराज की' देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। इस बार की रामलीला के लिए कमेटी ने कलाकारों काे चयनित कर लिया है। सत्यम उपाध्याय श्रीराम का अभिनय करेंगे और श्रेया सिंह को सीता के पात्र के लिए चुना गया है। ऋतंधरा मिश्रा कौशल्या के साथ मंदोदरी का रोल करेंगी तो वहीं गौरीशंकर हनुमान व जनक का पात्र निभाएंगे।

रामलीला का मंचन सात अक्‍टूबर से

पथरचट्टी रामलीला कमेटी के संयोजक रामचंद्र पटेल और निर्देशक दिलीप तिवारी की देखरेख में रामलीला का अभ्यास भी शुरू हो गया है। प्रवक्ता लल्लूलाल गुप्त सौरभ ने बताया कि दशरथ व रावण की भूमिका रजनीश बहल निभाएंगे। रामलीला का मंचन सात अक्टूबर से शुरू होगा।

रामलीला के लिए प्रयाग आए सत्यम

श्रीराम के पात्र के लिए चुने गए अभिनेता सत्यम उपाध्याय ने रामलीला के लिए मुंबई का मोह छोड़ दिया है। वेब सीरीज क्रास कनेक्शन, चटकारे में काम कर चुके सत्यम रामलीला खत्म होने के बाद मुंबई जाएंगे। वे इसके पहले श्रीकटरा रामलीला कमेटी में 2015 से 2017 तक श्रीराम का पात्र निभा चुके हैं।

एचआर मैनेजर बनेंगी सीता

सीता का पात्र निभाने के लिए चयनित हुईं श्रेया सिंह इन्फोसिस कंपनी बेंगलुरु में एचआर मैनेजर हैं। वर्क फ्राम होम होने के कारण इन दिनों प्रयागराज में रह रही हैं। श्रेया इसके पहले श्रीपथरचट्टी में चार साल उर्मिला का पात्र निभा चुकी हैं।

दो अधिवक्ता भी निभाएंगे पात्र

'कथा रामराज की' दो अधिवक्ता भी अभिनय करेंगे। सचिन श्रीवास्तव 10वीं बार लक्ष्मण का पात्र निभाने के लिए चुने गए हैं। वहीं अधिवक्ता ऋतंधरा मिश्रा कौशल्या व मंदोदरी का पात्र निभाएंगी।

अभिनेता रजनीश बनेंगे दशरथ

अभिनेता रजनीश बहल रामलीला में दशरथ व रावण का पात्र निभाएंगे। वे 2001 में रामलीला में काम कर रहे हैं। कहते हैं रामलीला में काम करने से आंतरिक ऊर्जा मिलती है। इसी कारण विशेष रूप से प्रयाग आते हैं। रजनीश 'उड़ान', 'बड़े अच्छे लगते हैं', 'क्राइम पेट्रोल', 'सीआइडी' जैसे धारावाहिकों में अभिनय कर चुके हैं।

पुजारी गौरी शंकर बनेंगे जनक

सीता के पिता राजा जनक का पात्र लोकनाथ मंदिर के पुजारी गौरीशंकर पांडेय निभाएंगे। गौरीशंकर 14 साल से जनक का पात्र निभा रहे हैं।

इंद्रजीत बनेेंगे भरत

भरत के पात्र के लिए इंद्रजीत सिंह का चयन हुआ है। वे छह साल से भरत का पात्र निभा रहे हैं। सीआइडी, क्राइम पेट्रोल, निमिकी विधायक, पृथ्वी वल्लभ, संजीवनी, चंद्रशेखर आजाद जैसे धारावाहिक व वेब सीरीज 'द फार्गेटर आर्मी' तथा 'सीक्रेट गेम' में अभिनय कर चुके इंद्रजीत कहते हैं कि रामलीला में अभिनय करने से उनके व्यक्तित्व में निखार आता है।

chat bot
आपका साथी