मुट्ठीगंज के सत्ती चौरा में पुरोहित को गोली मारकर किया जख्‍मी Prayagraj News

आरोप है कि सड़क पर उसे विमल पंडा ने पकड़ लिया जबकि राबिन पंडा ने गोली चला दी। किशन के हाथ और पेट पर दर्जनों छर्रे लगे। जेब से पर्स और गले से सोने की चेन भी खींच ली।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 18 Nov 2019 08:17 PM (IST) Updated:Tue, 19 Nov 2019 08:36 AM (IST)
मुट्ठीगंज के सत्ती चौरा में पुरोहित को गोली मारकर किया जख्‍मी Prayagraj News
मुट्ठीगंज के सत्ती चौरा में पुरोहित को गोली मारकर किया जख्‍मी Prayagraj News

प्रयागराज, जेएनएन। मुट्ठीगंज के सत्ती चौरा में सोमवार को घर के बाहर 29 वर्षीय किशन पंडा को घेरकर गोली मार दी गई। पर्स और सोने की चेन भी खींचकर हमलावर भाग निकले। मौके पर आक्रोशित लोगों की भीड़़ जमा हो गई। पुलिस ने छापेमारी की लेकिन आरोपित मिले नहीं। तीन के खिलाफ नामजद केस लिखा गया है।

पर्स और गले से सोने की चेन भी खींच ले गए बदमाश

सत्ती चौरा निवासी पुरोहित कृष्ण कुमार शर्मा उर्फ किशन घर से निकला तभी आरोप है कि सड़क पर उसे विमल पंडा ने पकड़ लिया जबकि राबिन पंडा ने गोली चला दी। किशन के हाथ और पेट पर दर्जनों छर्रे लगे। आरोप है कि उन दोनों ने किशन के जेब से पर्स और गले से सोने की चेन भी खींच ली। इसके बाद साथी मनीष यादव समेत तीनों भाग गए। मनीष महेवा का रहने वाला है।

रात में दोस्‍त को पीटकर किया था लहूलुहान

सरेराह फायरिंग से खलबली मच गई। गुंडागर्दी से नाराज लोग वहां जुट गए। भीड़ लगी तो खबर पाकर कुछ दूर स्थित मुट्ठीगंज थाने से पुलिस पहुंची। सीओ रत्नेश्वर सिंह भी पहुंच गए। घायल किशन ने बताया कि रविवार रात भी इन्हीं लोगों ने चौखंडी से आए उसके मित्र हर्ष पंडा को पीटकर जख्मी कर दिया था। हर्ष के घरवालों ने भी विमल के घर जाकर उलाहना दी। मामला गर्माया था। किशन के मुताबिक सोमवार सुबह से ही विमल और राबिन उस पर हमले की ताक में थे। दोपहर में घर से निकलते ही घेर लिया। पुलिस ने किशन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपितों की तलाश हो रही है। इन दो गुटों में पुरानी रंजिश बनी है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी पुलिस ने कब्जे में ली है जिसमें घटनाक्रम दिख रहा है। पुलिस को मौका पर खोखा मिला है।

महिलाओं ने पुलिस को सुनाई खरी-खोटी

इस हमले से नाराज किशन के परिवार की महिलाएं भी आ गई थीं। उन्होंने पुलिस को खूब खरी-खोटी सुनाई। आरोप लगाया कि विमल और राबिन के खिलाफ कई मुकदमे हैं। दोनों जेल भी जा चुके हैं। साल भर में कई लोगों पर इस तरह से जानलेवा हमला कर चुके हैं मगर पुलिस उन पर सख्ती नहीं करती जिससे वे बेलगाम हैं।

chat bot
आपका साथी