Death Anniversary: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में संगीत विभाग के प्रोफेसर गिरीश ने विदेश में सजाई थी सुरों की महफिल

इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के संगीत विभाग की शोध छात्रा शांता सिंह ने बताया कि आचार्य गिरीश की याद में उनकी पहली पुण्यतिथि पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम प्रयाग संगीत समिति में प्रस्तावित है। मुख्य अतिथि महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी होंगी।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 15 Aug 2021 04:26 PM (IST) Updated:Sun, 15 Aug 2021 04:39 PM (IST)
Death Anniversary: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में संगीत विभाग के प्रोफेसर गिरीश ने विदेश में सजाई थी सुरों की महफिल
प्रोफेसर गिरीश ने विदेश में भी संगीत की सुरलहरी सजाई थी। 16 अगस्त को उनकी पहली पुण्यतिथि है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के प्रोफेसर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने विदेश में भी संगीत के सुरलहरी सजाई थी। 16 अगस्त को उनकी पहली पुण्यतिथि है। इस लिहाज से प्रयाग संगीत समिति में लय ताल मंथन फाउंडेशन की तरफ से उन्हें याद किया जाएगा। यह आयोजन आचार्य गिरीश की पुत्री और फाउंडेशन की सचिव रेशमा श्रीवास्तव के निर्देशन में किया जा रहा है।

संगीतज्ञ परिवार में हुआ था जन्म

प्रोफेसर आचार्य गिरीश का जन्म 1994 में प्रयागराज (पूर्ववर्ती इलाहाबाद) में एक मध्यमवर्गीय संगीतप्रेमी परिवार में हुआ था। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा से तबला वादन की विधिवत शिक्षा प्रोफेसर लालजी श्रीवास्तव से ग्रहण की।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पढ़ाई

आचार्य गिरीश ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक फिर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। उन्हें सर्वोच्च अंक हासिल करने पर स्वर्ण पदक के अलावा उस्ताद अहमद जान थिरकता रजत पदक से भी सम्मानित किया गया था।

ये है आचार्य गिरीश की उपलब्धि

आचार्य गिरीश को गन्धर्व महाविद्यालय से संगीत अलंकार, उत्कृष्ट वादन के लिए ताल मणि, संगीताचार्य, प्रयागश्री, स्वर साधना रत्न, नाद साधक एवं संगीत ऋषि की उपाधि से अलंकृत किया जा चुका है। 1952 में आकाशवाणी से उनका नियमित प्रसारण भी होता रहा। 2004 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया।

1993 में हुए सेवानिवृत्त

वह 1978 तक नैनीताल स्थित कुमायूं विश्वविद्यालय के संगीत विभाग में कार्यरत थे। फिर 1993 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संगीत विभाग से रीडर पद से सेवानिवृत्त हुए।

इन देशों में सांगीतिक यात्राएं

महर्षि इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट आयवा (अमेरिका) में विजिटिंग प्रोफेसर रहे। देश के अनेक बड़े नगरों के अलावा अमेरिका, इंग्लैंड, हालैंड, जर्मनी, बेल्जियम, स्लोवेनिया, स्विट्जरलैंड, आस्ट्रिया, ग्रीस, साइप्रस आदि देशों में सांगीतिक यात्राएं की। भारत की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ पर ग्रीस की राजधानी एथेंस और साइप्रस के संगीत कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया।

सोमवार  को प्रयाग संगीत समिति में आयोजन

इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के संगीत विभाग की शोध छात्रा शांता सिंह ने बताया कि आचार्य गिरीश की याद में उनकी पहली पुण्यतिथि पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम प्रयाग संगीत समिति में प्रस्तावित है। मुख्य अतिथि महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी होंगी। यहां दिल्ली की सुप्रसिद्ध पद्मश्री सम्मानित सुमित्रा गुहा का गायन और पंडित प्रभात कुमार का सरोद वादन प्रस्तुति होगी। इसके अलावा प्रयागराज के अन्य कलाकारों की सांगीतिक प्रस्तुति भी होगी।

chat bot
आपका साथी