प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित प्रयागराज आगमन की तैयारी, बनाए जा रहे तीन हेलीपैड

हालांकि अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन का अभी तक मौखिक निर्देश ही है। जल्द ही उनका प्रोटोकाल आ जाएगा लेकिन उससे पहले प्रशासन हर स्तर पर तैयारी कर रहा है। त्रिवेणी मार्ग लाल सड़क के बीच लोक निर्माण विभाग ने तीन हेलीपैड बनाने का काम शुरू कर दिया है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 07:48 AM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 05:45 PM (IST)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित प्रयागराज आगमन की तैयारी, बनाए जा रहे तीन हेलीपैड
पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयागराज आगमन को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच दिसंबर को प्रयागराज आगमन संभावित है। पीएम के आगमन को लेकर यहां प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के परेड मैदान पर हेलीपैड बनाया जाने लगा है। परेड मैदान में बने स्थायी मंच के पीछे हेलीपैड बन रहा है। इसके अलावा साफ सफाई का भी काम शुरू हो गया है। कार्यक्रम में प्रदेश भर की महिलाएं आएंगी, उस हिसाब से इंतजाम किया जा रहा है।

अभी पीएम के आगमन का प्रोटोकाल नहीं आया

हालांकि अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन का अभी तक मौखिक निर्देश ही है। जल्द ही उनका प्रोटोकाल आ जाएगा लेकिन उससे पहले प्रशासन हर स्तर पर तैयारी कर रहा है। त्रिवेणी मार्ग और लाल सड़क के बीच लोक निर्माण विभाग ने तीन हेलीपैड बनाने का काम शुरू कर दिया है।

राज्‍यपाल व मुख्‍यमंत्री के साथ कई कैबिनेट मंत्री का भी होगा आगमन

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा उत्‍तर प्रदेश की राज्यपाल अनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और कई कैबिनेट मंत्री भी आएंगे। प्रयागराज जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर हुई महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश भर से इस कार्यक्रम के लिए दो लाख महिलाएं बुलाई गई है। इनके बैठने आदि को लेकर व्यवस्था की जा रही है।

15 सौ सामूहिक शादी करवाएंगे

कार्यक्रम में सामूहिक शादी का भी आयोजन कराया जाएगा। इसके लिए समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। प्रधानमंत्री मोदी वैवाहिक जोड़े को आशीर्वाद देंगे। परेड मैदान में 15 सौ शादियां कराई जाएगी।

पीएम मोदी ने 2020 में यहीं पर दिव्यांगों को दिए थे यंत्र

इससे पहले 29 फरवरी 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज आए थे। तब परेड मैदान में भव्य कार्यक्रम हुआ था और हजारों दिव्यांगों को उपकरण दिया गया था। वह उपकरण दिव्यांगों के आज भी काम आ रहे हैं और इससे उनका जीवनयापन आसान हुआ है।

chat bot
आपका साथी