Prayagraj Weather Updates: रात से सुबह तक झमाझम बारिश फिर निकली धूप, अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम

Prayagraj Weather Updates शुक्रवार की देर रात से झमाझम बारिश ने उमस से राहत दी। सुबह धूप निकली। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. शैलेंद्र राय का कहना है कि अगले दो-तीन दिन मौसम में अचानक बदलाव होगा। काले बादल आएंगे बारिश होने लगेगी। यह बारिश झमाझम नहीं होगी।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 10:01 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 10:01 AM (IST)
Prayagraj Weather Updates: रात से सुबह तक झमाझम बारिश फिर निकली धूप, अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
प्रयागराज के मौसम का हाल अजब-गजब है। रात में बारिश के बाद सुबह धूप निकली।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। इस बार अच्छी बारिश होने का सिलसिला अभी जारी है। दो सप्ताह पहले तीन दिन तक इंद्र देवता प्रसन्न थे। इतनी बारिश हुई थी कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक पानी-पानी हो गया था। शुक्रवार की देर रात से मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। तेज हवा के साथ झमाझम बारिश भोर तक होती रही। सुबह हल्की बारिश हुई। इसके बाद बादल हल्‍के हो गए तो धूप भी निकली। बादलों और सूर्य में लुकाछिपी शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार दो-तीन दिन तक ऐसा ही मौसम हो सकता है। रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। अगर कम वायु दाब बन रहा तो लोगों को उमस भरी गर्मी परेशान नहीं करेगी।

बारिश ने उमस से दी राहत

पिछले तीन दिनों से तेज धूप निकलने से उमस बढ़ गई थी। दिन में कई बार बादल आते मगर हवा चलने पर उड़ जाते हैं। अब उत्तर भारत में कई जगह बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अच्छी बारिश हो सकती है तो उसका असर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को प्रतापगढ़, सुल्तानपुर जैसे जिलों में अच्छी बारिश हुई थी। प्रयागराज में सूरज देवता तप रहे थे। उनकी तपन को रात से राहत मिल गई है। बारिश से कुछ घंटों के लिए उमस से राहत मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां-जहां अच्छी बारिश होने की भी सूचना है।

जानें, आज का अधिकतम और न्‍यूनतम तापमान

पिछले दिनों तक बारिश हुई थी तो धान समेत अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ था। मत्स्य पालन करने वालों की कसर ही टूट गई थी। अधिक बारिश होने पर उनके तालाब की मछलियां बह गई थीं। कई जगह तो तालाब में बाहर की भी मछली आ गई थी। मौसम बदलने पर धीरे-धीरे स्थितियों में बदलाव हो रहा था। शनिवार से लोगों को फिर राहत मिल सकती है। क्योंकि उमस बढ़ने पर लोगों का स्वास्थ्य भी खराब हो रहा था। आज का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस व न्‍यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

मौसम विज्ञानी का पूर्वानुमान

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. शैलेंद्र राय का कहना है कि अगले दो-तीन दिन मौसम में अचानक बदलाव होगा। काले बादल आएंगे, बारिश होने लगेगी। यह बारिश झमाझम नहीं होगी।

chat bot
आपका साथी