Prayagraj Weather Update: उमस से मिली राहत, जानें बारिश के संबंध में मौसम विभाग का पूर्वानुमान

Prayagraj Weather Update शनिवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्‍य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्‍यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड है। शुक्रवार को अधिकतम व न्‍यूनतम तापमान क्रमश 37.4 व 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्‍यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 10:37 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 10:37 AM (IST)
Prayagraj Weather Update: उमस से मिली राहत, जानें बारिश के संबंध में मौसम विभाग का पूर्वानुमान
प्रयागराज के लोगों को बारिश से राहत मिली है। अगले कुछ दिन भी बारिश का अनुमान है।

प्रयागराज, जेएनएन। आसमान में काले और घने बादल छाए हैं, रिमझिम बारिश हो रही है, उमस की मार झेल रहे लोगों को राहत मिली है, किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर है। जी हां, यही सब कुछ तो आज यानी शनिवार को दिख रहा है। शुक्रवार की रात से ही रुक-रुककर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हो रही है। इससे मौसम सुहावना हो गया है। आइए जानें मौसम विभाग क्‍या कहता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्रयागराज में आज से 29 जुलाई तक बारिश की संभावना है। 

न्‍यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस गिरा

शुक्रवार को दिनभर धूप और उमस से परेशान लोगों को रात में हल्की बारिश ने राहत दी। रात में बादल और घने हो गए और झमाझम बारिश हुई। इसके बाद रात भर रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी रहा। मौसम में गर्मी कम होने से शहरवासियों को राहत मिली। शनिवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्‍य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं न्‍यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी बारिश के कारण न्‍यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

मौसम विज्ञानी ने 29 जुलाई तक बारिश की जताई संभावना

इलाहाबाद विश्‍वविद्याल में भूगोल विभाग के प्रो. एचएन मिश्रा ने बताया कि मैदानी भागों में फिर से मानसून की सक्रियता बढ़ रही है। इसकी वजह से ही मौसम बदला है। उन्‍होंने 24 से 29 जुलाई के बीच बारिश की संभावना जताई है।

वज्रपात से किशोरी की मौत

आसमान में छाए घने बादलाें से जहां बारिश हो रही है, वहीं वज्रपात भी हुआ। शुक्रवार की रात में हुए वज्रपात की जद में आने से यमुनापार इलाके के नारीबारी स्थित छतरगढ़ गांव में एक किशोरी की मौत हो गई। हादसा रात करीब आठ बजे हुआ, जिसमें 17 वर्षीय सुनीता पुत्री रामराज निषाद की मृत्यु हो गई। परिवार के लोग इस अचानक हुए हादसे से गमगीन हैं। 

उड़े जंपर, गुल हुई बिजली

बारिश ने एक बार फिर कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पर ब्रेक लगा दिया है। मीरापुर, सदियापुर, सब्जी मंडी, अटाला, नूरुल्ला रोड, जीटीवी नगर, मीरापट्टी, झलवा में बारिश के कारण जंपर और केबल बाक्स में खराबी आ गई।

तीन जगह गिरे पेड़, बिजली आपूर्ति ठप

बारिश के दौरान शुक्रवार की रात में मलाकराज, बाई का बाग और मानसरोवर के पास पेड़ बिजली के तारों पर गिरा, जिससे रामबाग उपखंड से होने वाली आपूर्ति ठप हो गई। दर्जन भर इलाके प्रभावित हुए। एसडीओ अतुल गौतम ने कर्मचारियों को मरम्मतीकरण के लिए लगाया तो रात 11 बजे के बाद एक-एक मोहल्ले की आपूर्ति शुरू की गई।

chat bot
आपका साथी