Prayagraj Weather News: आसमान पर छाए बादल, जन्‍माष्‍टमी पर आज बारिश के हैं आसार

Prayagraj Weather News मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्‍य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। और न्‍यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्‍य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 30 Aug 2021 10:14 AM (IST) Updated:Mon, 30 Aug 2021 10:15 AM (IST)
Prayagraj Weather News: आसमान पर छाए बादल, जन्‍माष्‍टमी पर आज बारिश के हैं आसार
वापस लौटते समय मानसून बारिश कर रहा है। जन्‍माष्‍टमी के दिन भी आज बारिश के आसार हैं।

प्रयागराज, जेएनएन। एक कहावत है कि सावन से भादो कम नहीं होता। यह कहावत बारिश के सिलसिले में प्रचलित है। जी हां, भादो के महीने में पिछले कुछ दिनों से आसमान पर बादल छाए रहे लेकिन उमस बरकरार रही। रविवार की शाम को बादल गहरा गए और झमाझम बारिश हुई। रात में भी रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश होती रही। आज श्रीकृष्‍ण जन्‍माष्‍टमी का पर्व है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है। आसमान में बादल भी छाए हैं।

लौटता मानसून कर रहा बारिश

पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों को तंग कर रखा था। रविवार की शाम को बदरा झूमकर बरसे तो लोगों को जहां उमस से राहत मिली, वहीं शहर की सड़कें बारिश के पानी से लबालब हो गईं। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। सारी रात रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार मानसून एक्सप्रेस के लौटने के कारण यह बारिश हो रही है। यानी मानसून वापस लौट रहा है और जाते-जाते बारिश कर रहा है। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव आएगा।

जानें प्रयागराज का तापमान

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्‍य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। और न्‍यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्‍य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। रविवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। रविवार शाम साढ़े पांच बजे से रात साढ़े आठ बजे तक 2.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इस बारिश ने उमस झेल रहे लोगों को राहत दी है। हालांकि जगह-जगह जलभराव की भी समस्‍या रही। सड़कों पर भी कई जगह पानी जमा रहा।

मौसम विज्ञानी बोले- बारिश अंतिम चरण में है

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक अब मानसून का असर धीरे-धीरे कम होगा। बारिश भी अपने अंतिम चरण में है। अब मौसम में बदलाव नजर आने लगेगा।

chat bot
आपका साथी