Police Encounter में पकड़े जाने के बाद एसआरएन अस्पताल से फरार हुए बदमाश पर प्रयागराज पुलिस घोषित करेगी इनाम

कौशांबी जनपद के सरायअकिल थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक युवती से दुष्कर्म हुआ था। इसमें चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपित गुलशन त्रिपाठी निवासी कनेली को सरायअकिल पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 07:00 AM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 01:34 PM (IST)
Police Encounter में पकड़े जाने के बाद एसआरएन अस्पताल से फरार हुए बदमाश पर प्रयागराज पुलिस घोषित करेगी इनाम
स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल से भागे शातिर बदमाश गुलशन त्रिपाठी पर इनाम घोषित होगा।

प्रयागराज, जेएनएन। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल से भागे शातिर बदमाश गुलशन त्रिपाठी पर इनाम घोषित होगा। पहले उस पर 20 हजार का इनाम घोषित किया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। जल्द ही विवेचक इसकी रिपोर्ट अफसरों को देंगे।  

साठगांठ में एक सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है पुलिस

कौशांबी जनपद के सरायअकिल थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक युवती से दुष्कर्म हुआ था। इसमें चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोपित गुलशन त्रिपाठी निवासी कनेली को सरायअकिल पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। पैर में गोली लगने की वजह से उसे 20 फरवरी को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 22 फरवरी की देर रात वह निगरानी में तैनात सिपाही जितेंद्र कुमार और शोले को चकमा देकर बाथरूम की खिड़की तोड़कर भाग निकला था। पुलिस की जांच में सरायअकिल थाने में तैनात सिपाही पवन की गुलशन से साठगांठ सामने आई थी। पता चला था कि गुलशन के भागने के एक दिन पहले रविवार को वह उससे मिलने एसआरएन अस्पताल आया था। इसकी जानकारी होते ही एसपी कौशांबी ने उसे निलंबित किया तो वहीं कोतवाली थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्जकर उसे जेल भेज दिया गया था। अब अपराधी गुलशन पर इनाम घोषित करने की तैयारी शुरू हो गई है। विवेचक द्वारा इसकी रिपोर्ट बनाई जा रही है। अफसरों को रिपोर्ट मिलते ही अपराधी पर 20 हजार का इनाम घोषित किया जाएगा। 

साथी भी घर छोड़कर भागे

गुलशन की तलाश में जुटी पुलिस ने उसके कई साथियों के यहां भी दबिश दी। उसके साथी कौशांबी और प्रयागराज जनपद में रहते हैं। हालांकि, वहां न गुलशन मिला और न उसके साथी। वे पुलिस के डर से भागे हैं। उनको पता है कि गुलशन की तलाश में पुलिस उनको पकड़कर उसके ठिकानों के बारे में जानकारी लेगी।

chat bot
आपका साथी