प्रयागराज पुलिस को गांजा तस्‍कर गैंग के अन्‍य सदस्‍यों की तलाश, पांच किलो गांजा संग दो तस्कर गिरफ्तार हैं

जिले के अलग-अलग इलाकों में गांजा तस्‍कर गिरोह के सदस्य सक्रिय हैं। पकड़े गए तस्‍करों ने पुलिस को कई नाम बताए। करेली थाना प्रभारी ने कहा कि गिरफ्तार तस्करों के साथियों के नाम पता चले हैं जिनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 09:09 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 09:09 AM (IST)
प्रयागराज पुलिस को गांजा तस्‍कर गैंग के अन्‍य सदस्‍यों की तलाश, पांच किलो गांजा संग दो तस्कर गिरफ्तार हैं
प्रयागराज में गांजा तस्‍करों का गिरोह सक्रिय है। दो की गिरफ्तारी के बाद अन्‍य तस्‍करों को पुलिस तलाश रही है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज पुलिस ने गांजा तस्करों के गिरोह का राजफाश किया। शहर में करेली के मछली मंडी के पास से गुरुवार को दो तस्करों को गिरफ्तार कर बाइक की डिग्गी में रखा गया पांच किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया था। वे आंध्र प्रदेश से गांजा मंगवाते थे और अपने साथियों के साथ जिले के अलग-अलग इलाकों में इसे बेचते थे। अब पुलिस को गांजा तस्‍कर गिरोह के अन्‍य सदस्‍यों की तलाश है। उन्‍हें पकड़ने के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

पकड़े गए दोनों गांजा तस्‍कर होलागढ़ के रहने वाले हैं

करेली थाना प्रभारी अनुराग शर्मा को जानकारी मिली कि मछली मंडी के पास कुछ लोग गांजा बेच रहे हैं। उन्होंने एसओजी टीम को सूचना देते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दो लोगाें को पकड़ लिया। इनकी बाइक की तलाशी ली गई तो डिग्गी में दो बंडल मिले। इसे खोला गया तो उसमें गांजा भरा था। थाने लाकर दोनों से पूछताछ की गई तो उन्हाेंने अपना नाम विवेक कुमार शुक्ला निवासी हंसराजपुर थाना होलागढ़ व मो. सच्चे निवासी दहियावां बाजार थाना होलागढ़ बताया।

करेली थाना प्रभारी बोले- जल्‍द ही गिरोह के अन्‍य सदस्‍यों की हो रही तलाश

पकड़े गए दोनों शातिरों ने पुलिस को बताया कि गांजा वे आंध्र प्रदेश से मंगवाते थे। हमेशा वाट्सएप कालिंग करते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बचे रहें। इसके अलावा गांजा की बिक्री के लिए पुरानी कार और बाइक का इस्तेमाल करते थे। जिले के अलग-अलग इलाकों में उनके गिरोह के सदस्य ये काम करते हैं। पुलिस को कई के नाम भी बताए। थाना प्रभारी करेली अनुराग शर्मा का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों के साथियों के नाम पता चले हैं, जिनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।

आंध्र प्रदेश से गांजा की हो रही तस्‍करी

आंध्र प्रदेश से लगातार गांजा की तस्करी की जा रही है। अभी कुछ दिन पहले एसटीएफ ने मामा भांजा तालाब के पास से गांजा की खेप पकड़ी थी। इसके कुछ दिन बाद नैनी पुलिस और एसओजी यमुनापार ने भी दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया था।

chat bot
आपका साथी