पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी का प्रयागराज और प्रतापगढ़ में कांग्रेसियों ने किया विरोध, प्रयागराज पुलिस ने भांजी लाठियां

दाम में लगातार वृद्धि का विरोध करने के लिए कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर के सिविल लाइंस चौराहे पर जुटे थे। नारेबाजी और कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो वे झड़प करने लगे। ऐसे में पुलिस ने लाठियां भांजकर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 12:41 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 05:14 PM (IST)
पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी का प्रयागराज और प्रतापगढ़ में कांग्रेसियों ने किया विरोध, प्रयागराज पुलिस ने भांजी लाठियां
हंगामा करने पर उतारू कई नेताओं और कार्यकताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया।

प्रयागराज, जेएनएन। पेट्रोल और डीजल के दाम में वृद्धि जारी है। ईधन के दाम में कमी आती नहीं दिख रही है। शुक्रवार को दाम में लगातार हो रही वृद्धि का विरोध करने के लिए प्रयागराज के साथ ही प्रतापगढ़ में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। प्रयागराज शहर के सिविल लाइंस चौराहे पर लगातार नारेबाजी और कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो वे झड़प करने लगे। ऐसे में पुलिस ने लाठियां भांजकर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया। साथ ही वहां हंगामा करने पर उतारू कई नेताओं और कार्यकताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। उधर, प्रतापगढ़ शहर के बाबागंज में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और कई कार्य़कर्ताओं ने जुलूस  निकालकर विरोध प्रदर्शन के साथ ही नारेबाजी की।

शांति व्यवस्था के लिए ले जाया गया पुलिस लाइन

कांग्रेस के कार्यकर्ता कुछ समय पहले भी डीजल और पेट्रोल के दाम में इजाफे का विरोध करने सड़क पर उतरे थे। शुक्रवार को शहर कांग्रेस प्रभारी और प्रदेश सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह, शहर अध्यक्ष नफीस अनवर, जिला कांग्रेस प्रवक्ता हसीब अहमद, इरशाद उल्ला समेत कई स्थानीय नेता और उनके साथ तमाम कार्यकर्ता अचानक  सिविल लाइंस पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए पोस्टर लहराने लगे। पुलिस ने शांति व्यवस्था के लिए उन्हें हटाने का प्रयास किया तो वे और भी उग्र होकर धरने पर बैठ गए। ऐसे में पुलिस ने लाठी पटकी और भांजी, तब कार्यकर्ता इधर-उधर हुए। साथ ही 23 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया ताकि वे फिर एकत्र होकर वहां हंगामा नहीं कर सकें। वहां भी तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता जुट गए। बाद में सबको रिहा कर दिया गया। विरोध प्रदर्शन में  प्रदीप नारायण, विनय दुबे, भोला तिवारी, रोहन सिंह, अऱशद अली, माधवी राय, सिब्तैन बबलू, इशरत अली चांद, अमित परमार, कामेश्वर सोनकर, मोहम्मद जाहिद आदि शामिल रहे। 

शुक्रवार दोपहर प्रतापगढ़ के बाबागंज और लालगंज में भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाने का विरोध करने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेसियों ने दोनों स्थानों पर जुलूस भी निकाला। इस दौरान शांति व्यवस्था के लिए एहतियात के तौर पर  पुलिस बल भी मौजूद रहा।

chat bot
आपका साथी