लुटेरा गैंग का सरगना उत्‍तराखंड का रहने वाला है, पांचों गिरफ्तार बदमाशों से प्रयागराज पुलिस उगलवा रही राज

पुलिस की पकड़ में आए पांचों बदमाशों ने बताया कि वह नशे के आदी हैं। शराब के साथ ही स्मैक का भी नशा वे करते थे। नशे की पूर्ति के लिए वह गिरोह बनाकर लूटपाट करते थे। नशे भर की रकम मिलने के बाद वे दो-तीन दिन शांत रहते थे।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 11:04 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 11:04 AM (IST)
लुटेरा गैंग का सरगना उत्‍तराखंड का रहने वाला है, पांचों गिरफ्तार बदमाशों से प्रयागराज पुलिस उगलवा रही राज
प्रयागराज में पकड़े गए लुटेरे पुराने यमुना पुल के पास लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज शहर में मुट्ठीगंज पुलिस ने शनिवार को जिन पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है, वे सभी शातिर हैं। ये सिर्फ पुराने यमुना पुल के पास ही लूट की वारदातें करते थे। देर रात घर घर लौटने या फिर रेलवे व बस स्टेशन जाने वाले लोग ही इनके निशाने पर रहते थे। जिसे ये अकेला देखते, उसको घेरकर ये लूटपाट करते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद ये पुराने यमुना पुल के पास नदी के कछारी इलाके में फरार हो जाते थे।

नशे की पूर्ति के लिए करते थे लूटपाट

पुलिस की पकड़ में आए पांचों बदमाशों ने बताया कि वह नशे के आदी हैं। शराब के साथ ही स्मैक का भी नशा वे करते थे। नशे की पूर्ति के लिए वह गिरोह बनाकर लूटपाट करते थे। नशे भर की रकम मिलने के बाद वे दो-तीन दिन शांत रहते थे।

बेहद सस्ते दाम पर बेचते थे मोबाइल

राजगीरों से लूटे गए मोबाइल को ये शातिर बेहद सस्ते दाम पर बेच देते थे। मप्र समेत दूसरे राज्यों से संगम स्नान करने आए लोगों को ये मोबाइल दिखाते थे। लोग औने-पौने दाम पर ही मोबाइलों को खरीदना मुनासिब समझते थे और ये बदमाश इसे बेच भी देते थे।

लूट की साजिश रचते समय पकड़े गए

मुट्ठीगंज इंस्पेक्टर इफ्तेखार अहमद को शनिवार सुबह सूचना मिली कि कुछ बदमाश गऊघाट के पास लूट की साजिश रच रहे हैं। वे बताए गए स्थान पर पहुंचे और घेराबंदी कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। इसमें गैंग का सरगना निखिल राजपूत निवासी रामखेडी भगत सिंह चौक थाना कोतवाली, उत्‍तराखंड भी हाथ लग गया। इसके अलावा राहुल सिंह निवासी भगवानपुरा थाना पिपलोब खडंवा, मप्र, आदित्य कुमार निवासी मऊगंज पटेहरा थाना कोतवाली मप्र और दो नाबालिग को पकड़ा गया। इनके पास से 10 मोबाइल, लोहे का राड, सीसीटीवी कैमरा, आठ बम बरामद किया गया।

chat bot
आपका साथी