Prayagraj Panchayat Chunav Repolling News: दांदूपुर में आज एक बूथ पर हो रहा पुनर्मतदान, दोपहर एक बजे तक 55 फीसद मतदान

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिले भर में 15 अप्रैल को मतदान हुआ था। लेकिन उस दिन दादूपुर की पोलिंग बूथ नंबर 17 पर विवाद हो गया था। वहां पर ग्रामीणों ने एक पक्ष पर फर्जी मतदान करवाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था।

By Rajneesh MishraEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 10:24 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 12:02 PM (IST)
Prayagraj Panchayat Chunav Repolling News: दांदूपुर में आज एक बूथ पर हो रहा पुनर्मतदान, दोपहर एक बजे तक 55 फीसद मतदान
दादूपुर गांव की एक पोलिंग बूथ पर पुनर्मतदान हो रहा है।

प्रयागराज,जेएनएन। जिले में सोरांव ब्लाक के दादूपुर गांव की एक पोलिंग बूथ पर पुनर्मतदान शुरू हो गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच वहां पर मतदान कराया जा रहा है। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया और यह शाम छह बजे तक चलेगा। सुबह से यहां मतदाता अपने मताधिकार के लिए कतार में लग गए थे। 11 बजे तक  34 फीसद हुआ मतदान है।जबकि दोपहर एक बजे तक 55 फीसद मतदान हो चुका है।

इसलिए दोबारा हो रहा है चुनाव

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिले भर में 15 अप्रैल को मतदान हुआ था। लेकिन उस दिन दादूपुर की पोलिंग बूथ नंबर 17 पर विवाद हो गया था। वहां पर ग्रामीणों ने एक पक्ष पर फर्जी मतदान करवाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। ग्रामीणों ने पोलिंग पार्टी को बंधक बनाकर मतपेटियां छीन ली थी। तभी पुलिस बल और ग्रामीणों से झड़प भी हुई थी। इस दौरान हुए पथराव से कुछ अधिकारी और सुरक्षा बल घायल हो गए थे। सीओ की गाड़ी से भी तोड़फोड़ हुई थी। इस विवाद के दौरान ग्रामीणों ने दो मतपेटियां तालाब में फेंक दी थी। इसलिए उसमे डाले गए वोट नष्ट हो गए। 16 अप्रैल को जिला निर्वाचन अधिकारी भनुचंद्र गोस्वामी की रिपोर्ट पर वहां पर पुनर्मतदान कराने का फैसला हुआ। बुधवार को वहां मतदान कराया जाएगा। मतदान को लेकर सुबह से पोलिंग बूथ पर लोगों की भीड़ रही। तहसील प्रशासन कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए मतदान करवा रहा है। बिना मास्क लगाए मतदान करने आ रहे ग्रामीणों को वापस किया जा रहा है। इस बूथ पर जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम सदस्य पद के लिए मतदान हो रहा है। पिछली बार जैसी कोई घटना ना हो इसलिए पुलिस का पहरा कड़ा किया गया है।

आज मिलेगा चुनाव चिन्ह

फूलपुर के तिसौरा और उरुवा ब्लाक के छतवा गांव में 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। उसके लिए नामांकन और उसकी जांच हो चुकी है। तिसौरा में 11 और छतवा में 12 नामांकन हुए थे। आज अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी होगी। उसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी