कौशांबी में चायल विधायक के घर का बारजा व दीवार ढही, दो लोग घायल, निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

कौशांबी में चायल के विधायक संजय गुप्‍ता के भरवारी स्थित मकान में रिपेयरिंग का कार्य चल रहा है। मकान का बारजा व दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक मजदूर व एक राहगीर जख्‍मी हो गए।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 19 Sep 2020 03:16 PM (IST) Updated:Sat, 19 Sep 2020 03:16 PM (IST)
कौशांबी में चायल विधायक के घर का बारजा व दीवार ढही, दो लोग घायल, निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
कौशांबी में चायल विधायक के घर का बारजा व दीवार ढही, दो लोग घायल, निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के जिला कौशांबी में चायल विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक संजय कुमार गुप्ता हैं। शनिवार की दोपहर विधायक के भरवारी स्थित निवास के निर्माण के दौरान बारजा और दीवार ढह गई। बारजे के मलबे में दबकर एक मजदूर और एक राहगीर घायल हो गए। मशक्‍कत के बाद स्थानीय लोगों ने मलबे में से दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

विधायक के घर पर निर्माण कार्य हो रहा है

नगर पालिका परिषद भरवारी के वार्ड नंबर 17 सरजू दास नगर (पुरानी बाजार भरवारी) स्थित विधायक संजय गुप्‍ता के पुराने मकान में दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार की दोपहर में भी कार्य चल रहा था। एक मजदूर बारजा तोड़ रहा था। इसी दौरान करीब साढ़े 12 बजे बारजा व दीवार गिर गई। इस कार्य में लगा मजदूर बजरंगी लाल पुत्र नेपाल बारजे के साथ नीचे गिर गया। उसके साथ ही सड़क पर साइकिल से जा रहा बैरहना टीकरडीह निवासी ताराचंद्र कुशवाहा पुत्र कंधई भी मलबे की जद में आने से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर भरवारी चौकी प्रभारी योगेश तिवारी हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचेे और तत्‍काल एंबुलेंस से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 

करीब डेढ़ घंटे आवागमन बाधित रहा

मुख्य सड़क पर गिरे मलबे के कारण आवागमन बाधित हो गया। मलबे को हटवाने के बाद आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का भी माहौल रहा।

chat bot
आपका साथी