माफिया अतीक के गुर्गे तोता को दी पुलिस-प्रशासन ने चोट, प्रयागराज में 14 करोड़ की संपत्ति की गई कुर्क

अतीक के 30 से ज्यादा करीबियों के अवैध बने मकानों को भी ढहाया जा चुका है। अप्रैल में डीएम ने अतीक के शूटर तोता की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ। दैनिक जागरण ने यह खबर प्रकाशित की तो अधिकारी नाराज हुए

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 06:50 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 06:50 AM (IST)
माफिया अतीक के गुर्गे तोता को दी पुलिस-प्रशासन ने चोट, प्रयागराज में 14 करोड़ की संपत्ति की गई कुर्क
जेल में बंद पूर्व सांसद अतीक के खास शूटर जुल्फिकार अली उर्फ तोता की संपत्ति सीज कुर्क कर ली है।

प्रयागराज, जेएनएन। माफिया के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अब पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने जेल में बंद पूर्व सांसद अतीक अहमद के खास शूटर जुल्फिकार अली उर्फ तोता की संपत्ति सीज कुर्क कर ली है। दैनिक जागरण ने तोता पर पुलिस-प्रशासन की मेहरबानी की खबर छापी थी जिसके बाद फौरन पुलिस ने एक्शन लिया। अब कहा जा रहा है कि अतीक के बाकी करीबियों की चल-अचल संपत्ति को जल्द कुर्क किया जाएगा।

जागरण में खबर छपने पर एक्शन में आई पुलिस

अतीक अहमद दो साल से अहमदाबाद जेल में बंद हैं जबकि उनका भाई पूर्व विधायक अशरफ बरेली जेल में है। लंबे समय तक फरार  रहे अशरफ को पिछले साल जुलाई में क्राइम ब्रांच और धूमनगंज थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जेल में बंद दोनों भाइयों के गुर्गों के खिलाफ पुलिस-प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। पिछले दिनों अशरफ की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी। करीब साल भर में अतीक और अशरफ के 30 से ज्यादा करीबियों के अवैध रूप से बने मकानों को भी ढहाया जा चुका है। इस बीच अप्रैल में डीएम ने अतीक के शूटर जुल्फिकार उर्फ तोता की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था लेकिन उस पर अमल नहीं हुआ। दैनिक जागरण ने यह खबर प्रकाशित की तो आला अधिकारी नाराज हुए और पुलिस को फटकार लगाई।

70 बिस्वा जमीन कुर्क कर लगाया बोर्ड

शुक्रवार शाम चौकी प्रभारी राजरूपपुर सुमित श्रीवास्तव और लेखपाल अंशुमान ने टीम के साथ कसारी मसारी में चिन्हित तोता की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई पूरी की। तकरीबन 70 बिस्वा जमीन पर कुर्की का बोर्ड लगा दिया गया। पुलिस-प्रशासन ने इतनी जमीन की कीमत करीब 14 करोड़ रुपये आंकी है।

chat bot
आपका साथी