कोरोना वायरस संक्रमण से जूझ रहे शायर शकील ग़ाज़ीपुरी का प्रयागराज में इंतकाल, सदमे में बेटे की भी मौत

कसारी-मसारी निवासी बुजुर्ग शायर शकील ग़ाज़ीपुरी का बुधवार की दोपहर करीब एक बजे इंतकाल हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थे उन्हें हृदय रोग भी था जिसकी वजह से हार्ट लाइन में उनका इलाज चल रहा था। उनके परिवार में पत्नी दो बेटे और एक बेटी है।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 05:59 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 06:18 PM (IST)
कोरोना वायरस संक्रमण से जूझ रहे शायर शकील ग़ाज़ीपुरी का प्रयागराज में इंतकाल, सदमे में बेटे की भी मौत
शायर शकील ग़ाज़ीपुरी का बुधवार की दोपहर करीब एक बजे इंतकाल हो गया। वे कोरोना से संक्रमित थे

प्रयागराज, जेएनएन। नगर के कसारी-मसारी निवासी बुजुर्ग शायर शकील ग़ाज़ीपुरी का बुधवार दोपहर इंतकाल हो गया। वे कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। बताया कि उन्हें हृदय रोग भी था, जिसकी वजह से सिविल लाइंस के हार्ट लाइन चिकित्सालय में उनका इलाज चल रहा था। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। दुख की बात यह कि शकील ग़ाज़ीपुरी के बेटे 36 साल के फै़ज़ी का भी पिता के निधन की खबर मिलने के बाद मौत हो गई। उसे भी कोराना का इंफेक्शन हुआ था, जब उसे पिता के देहांत की ख़बर मिली तो उसे दिल का दौरा पड़ गया। खबर फैली तो सब स्तब्ध रह गए। अब दोनों को ईशा की नमाज के बाद काला डांडा कब्रिस्तान में सुपुर्दे-ख़ाक किया जा रहा है। एक साथ पिता और पुत्र के निधन से घर के साथ ही मोहल्ले में गम का साया है। परिवार के लोगों को सांत्वना दी गई। 

माध्यमिक शिक्षा परिषद से हुए थे सेवानिवृत्त 

एक सितंबर 1948 को ग़ाज़ीपुर जिले के वाजिदपुर में जन्में शकील ग़ाज़ीपुरी माध्यमिक शिक्षा परिषद  में कार्य करते हुए सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी दो पुस्तकें ‘लम्हे-लम्हे ख़्वाब के’ और ‘अभिलाषा’ प्रकाशित हुई हैं। आकाशवाणी और दूरदर्शन से भी उनकी ग़ज़लें समय-समय पर प्रकाशित होती रही हैं। उन्हें ‘शान-ए-इलाहाबाद सम्मान’, ‘प्रयाग गौरव सम्मान’, ‘प्रयाग पुष्पम् सम्मान’ और ‘सरदार अली जाफरी एवार्ड’ प्रदान किए गए थे। उनके निधन पर शहर के कवियों और शायरों ने दुख जताया है। पिछले दिनों भी कई नामचीन हस्तियों का कोरोना से निधन हो चुका है। 

chat bot
आपका साथी