प्रयागराज के बैरहना में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों को लोगों ने घेरा और किया हंगामा

नगर निगम द्वारा ग्रीन स्वीट हाउस वाली गली बनवाई जा रही है। लेकिन गली के निर्माण में स्थानीय लोगों द्वारा नालियों के ऊपर बनवाए गए शौचालयों दुकानों और चबूतरों के कारण व्यवधान हो रहा था। लिहाजा अतिक्रमण हटाने के लिए निगम की टीम शुक्रवार को करीब 11 बजे पहुंची।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:33 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:33 PM (IST)
प्रयागराज के बैरहना में अतिक्रमण हटाने गए अधिकारियों को लोगों ने घेरा और किया हंगामा
बैरहना में ग्रीन स्वीट हाउस वाली गली में नालियों पर बना लिए थे शौचालय, दुकानें और चबूतरे

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज: बैरहना में ग्रीन स्वीट हाउस वाली गली में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर निगम के अधिकारियों को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने अधिकारियों को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। इसकी वजह से करीब दो घंटे तक कार्रवाई बाधित रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। उसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। जेसीबी लगाकर नालियों पर किए गए 10 अवैध कब्जे ढहाए गए।

जुट गई भीड़ और विरोध होने लगा नगर निगम टीम का

नगर निगम द्वारा ग्रीन स्वीट हाउस वाली गली बनवाई जा रही है। लेकिन, गली के निर्माण में स्थानीय लोगों द्वारा नालियों के ऊपर बनवाए गए शौचालयों, दुकानों और चबूतरों के कारण व्यवधान हो रहा था। लिहाजा, अतिक्रमण हटाने के लिए निगम की टीम शुक्रवार को करीब 11 बजे पहुंची। अधिकारियों द्वारा अवैध कब्जा हटवाने की कार्रवाई शुरू की गई। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों को घेर लिया। लोग उन पर दबाव बना रहे थे कि गली के बीच में बनी मजार पहले हटाई जाए, उसके बाद अतिक्रमण हटाया जाए। मगर, अधिकारी उसे हटाने को तैयार नहीं थे।

पुलिस के आने पर शांत कराया जा सका हंगामा

अधिकारियों का कहना था कि यह प्रशासन का मसला है। इसी बात पर करीब दो घंटे तक हंगामा होता रहा। मामला शांत न होते देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। उसके बाद नालियों के ऊपर बने दो शौचालय, दुकान के शटर, चबूतरे समेत 10 अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई में जोनल अधिकारी संजय ममगई, क्षेत्रीय अवर अभियंता राम सक्सेना, अतिक्रमण निरोधी दस्ता शामिल था। उल्लेखनीय है कि प्रयागराज शहर में कई मोहल्लों में सड़क पटरी पर इस तरह  से अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है कि आवागमन बाधित होता है। नगर निगम की टीम जाती है तो लोग विरोध करने लगते हैं।

chat bot
आपका साथी