परिवहन विभाग प्रतापगढ़ के लोगों को जाम से राहत दिलाएगा, आप भी जानें कैसे

प्रतापगढ़ नगर के आंबेडकर चौराहे पर अवैध रूप से वाहनों का जमावड़ा पुलिस और परिवहन विभाग की कार्यशैली को सवालों के घेरे में लाता है। यहां पर मैजिक टेंपो बस जैसे अवैध वाहन सड़क को घेरकर खड़े रहते हैं। इससे जाम लगता है। इसे परिवहन विभाग हटवाएगा।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 04:46 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 04:46 PM (IST)
परिवहन विभाग प्रतापगढ़ के लोगों को जाम से राहत दिलाएगा, आप भी जानें कैसे
प्रतापगढ़ के लोगों को जाम से राहत मिलेगी क्‍योंकि परिवहन विभाग अवैध वाहन अड्डे हटवाएगा।

प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ शहर में कई वाहन अड्डे अवैध रूप से चलते हैं। वाहन सड़कों पर खड़े होने से जाम लगता है। जाम में फंसकर आम नागरिकों की दिक्‍कत होती है। इस समस्या को लेकर दैनिक जागरण ने हाल ही में अभियान चलाया था। इस पर जिले के डीएम ने अफसरों की क्लास ली और परिवहन विभाग को अवैध वाहन अड्डों को हटवाने के लिए निर्देशित किया है।

नगर के आंबेडकर चौराहे पर अवैध रूप से वाहनों का जमावड़ा पुलिस और परिवहन विभाग की कार्यशैली को सवालों के घेरे में लाता है। यहां पर मैजिक, टेंपो, बस जैसे अवैध वाहन सड़क को घेरकर खड़े रहते हैं। इससे जाम लगता है। बगल में कई स्कूल हैं। छुट्टी होने पर बच्चों का सुरक्षित ढंग से वहां से निकल पाना मुश्किल हो जाता है। बगल में सिविल लाइन चौकी है, पर याराने में वह मौन रहती है। इसी तरह और भी अड्डे हैं, जो यातायात व्यवस्था को ध्वस्त करने में सहायक होते हैं।

जागरण अभियान को संज्ञान में लेकर डीएम ने इस मनमानी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने एआरटीओ व पुलिस को आदेश दिया कि दशहरा, दीवाली के बाद इन अड्डों को हटाकर शहर से बाहर करें। इस पर कार्ययोजना बन गई है। डीएम के आदेश के अनुपालन के पहले चरण में शहर के राजा पाल टंकी की से पट्टी को जाने वाले वाहनों का अड्डा यहां से हटाकर केपी कॉलेज के पास ले जाया जाएगा।

तहसील के पास बाबागंज के वाहन अड्डे को जोगापुर में शिफ्ट किया जाएगा। इसी प्रकार पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने चलने वाला अड्डा विकास भवन के आगे ले जाया जाएगा। आंबेडकर चौराहे के अवैध अड्डे को सगरा के पास ले जाने का प्लान है।

एआरटीओ सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी का आदेश आया है। पुलिस व परिवहन विभाग मिलकर टीम बनाकर अभियान चलाएंगे। शहर के अवैध वाहन अड्डे बाहर किए जाएं। टीम इसकी पड़ताल में लगी है। सख्ती के साथ आदेश पर अमल किया जाएगा। न मानने पर मुकदमा दर्ज कराएंगे।

प्रशासन के निशाने पर यही चार अड्डे ही नहीं हैं। कुछ और भी हैं जो अगले चरण में ट्रीट किए जाएंगे। इसमें भगवा चुंगी का अड्डा, चौक घंटाघर पर जबरन बना टेंपो अड्डा यहां से हटाकर रामलीला मैदान के आगे किया जाएगा। इनको हटा देने के बाद नगर की यातायात व्यवस्था में निश्चित ही सुधार आएगा।

chat bot
आपका साथी