Stone Problem: फास्ट फूड और कोल्ड ड्रिंक के ज्यादा प्रयोग से बढ़ रहे पथरी के मरीज

अनियमित दिनचर्या से तमाम मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। खासकर पथरी के मरीज बढ़ रहे हैं। उसमें भी किडनी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसकी वजह फास्ट फूड व कोल्ड्रिंक का अधिक प्रयोग है। ब्रेड या उससे बनी चीजों का अधिक प्रयोग वजह बन रहा है।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 09:28 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 07:04 PM (IST)
Stone Problem: फास्ट फूड और कोल्ड ड्रिंक के ज्यादा प्रयोग से बढ़ रहे पथरी के मरीज
पथरी के मरीज बढ़ रहे हैं। उसमें भी किडनी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। बदलते खानपान और अनियमित दिनचर्या से तमाम मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। खासकर पथरी के मरीज बढ़ रहे हैं। उसमें भी किडनी के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसकी वजह फास्ट फूड व कोल्ड्रिंक का अधिक प्रयोग है। ब्रेड या उससे बनी चीजों का अधिक प्रयोग भी इसकी एक वजह बन रहा है। यदि ब्रेड या उससे बनी चीजों को खाते ही हैं तो उसके बाद खूब पानी पिएं।

जिन्हें पथरी हो वह बैगन, पालक, टमाटर, फूलगोभी व बादाम के सेवन से बचें

चाऊमिन, पिज्जा, बर्गर जैसी चीजें भी कम से कम खाएं। बैगन, पालक, टमाटर, फूलगोभी व बादाम भी पथरी की वजह बन सकते हैं। दूध, पनीर, चीज का प्रयोग कर सकते हैं। इससे पथरी नहीं होती है। यह जानकारी रविवार को दैनिक जागरण के साप्ताहिक कार्यक्रम प्रश्न पहर में यूरोलॉजिस्ट डा. दीपक गुप्ता ने दी। वह टेलीफोन पर पाठकों के पूछे जा रहे सवालों का जवाब दे रहे थे। प्रस्तुत है सवाल जवाब के प्रमुख अंश।

पथरी में नारियल पानी फायदेमंद

पथरी कहीं भी हो, अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए। खासकर किडनी में होने पर नारियल पानी, मट्ठा का प्रयोग लाभकारी होता है। केला, पपीता और तरबूज के प्रयोग से भी लाभ मिलता है। मांस, मछली व मदिरा का भी प्रयोग नहीं करना चाहिए। 25 से 45 वर्ष के लोगों में यह समस्या अधिक देखने में मिल रही है। पथरी होने पर दर्द, बुखार, उल्टी होने जैसी समस्याएं होती हैं।

प्रोस्टेट की समस्या में चाय-काफी का सेवन कम करें

55 से 75 साल की उम्र के बीच लोगों में प्रोस्टेट की समस्या आती है। इसमें पौरुष ग्रंथि बढ़ जाती है। बार बार लघुशंका जाना पड़ता है। एक बार में लघुशंका पूरी नहीं होती। जलन की भी समस्या हो सकती है। लघुशंका के दौरान रक्तस्राव भी हो सकता है। इससे बचने के लिए तरल पदार्थ का सेवन कम करें। चाय और काफी भी कम लें। मदिरा भी छाेड़ दें। अचार व अन्य मसालेदार चीजों का भी प्रयोग सीमित करें। नमक का भी प्रयोग नियंत्रित करें। डाक्टर के सुझाव से कीगल एक्सरसाइज करने से लाभ हो सकता है।

सवाल : बाई किडनी में 8 मिलीमीटर की पथरी है। 26 ग्राम का प्रोस्टेट है। उम्र 55 साल है। रुक रुक कर लघुशंका आती है, क्या करें।

श्रीनारायण मिश्र, जसरा

जवाब : दवा से ठीक हो जाएगा, परेशान न हों। डॉक्टर से मिलकर अपनी समस्या बताएं।

सवाल : किडनी में 4 मिलीमीटर की पथरी है। क्या करें।

घन्श्याम सिंह, खागा

जवाब : खूब पानी पिएं, डॉक्टर को दिखा लें। आपरेशन की जरूरत नहीं है।

सवाल : गुर्दे में चार मीलीमीटर की पथरी है। पहले भी पथरी थी तब वह ठीक हो गई थी, दोबारा हो गई। क्या करें।

सुनील मिश्र, बहरिया

जवाब : परेशान न हों। पथरी बार बार हो सकती है। डॉक्टर को दिखाएं। दवा से ठीक हो जाएगी। खूब पानी पीते रहें। पानी भी दवा की तरह है।

सवाल : मेरे पिता जी का प्रोस्टेट का आपरेशन हो चुका है। अब भी उन्हें लघुशंका में परेशानी हो रही है, क्या करें।

नीरज मिश्र, नार्थ मलाका

जवाब : इन्फेक्शन की वजह से ऐसा हो रहा है। डाक्टर को दिखाएं ठीक जो जाएगा।

सवाल : गुर्दे की पथरी के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसा क्यों।

अनुराग यादव, नार्थमलाका

जवाब : बदलते खान पान का असर है कि गुर्दे की पथरी के मरीज बढ़ रहे हैं। लोग पानी भी कम पी रहे हैं। यह बड़ी वजह है। खूब पानी पिएं, इससे तमाम बीमारियों का खुद ब खुद इलाज हो जाएगा।

सवाल : पिता जी की उम्र 58 साल है। किडनी की नली में पथरी है। 7.4 मीलीमीटर की है। किडनी में भी सूजन है। क्या करें।

शार्दुल, स्टैनली रोड

जवाब : दवा से ठीक होने की संभावना 10 से 20 प्रतिशत है। दूरबीन विधि से आपरेशन किया जा सकता है। एक दिन में ही अस्पताल से छुट्टी हो जाएगी। सादा या नीबू का पानी पीते रहें।

सवाल : जब अधिक मेहनत करते हैं तो लघुशंका पीली होती है, कभी कभी जलन भी होती है, क्या करें।

नरेंद्र कुमार, जारी

जवाब : घबराएं नहीं, सिर्फ खूब पानी पिएं।

सवाल : प्रोस्टेट 38 ग्राम का है। लघुशंका में कोई दिक्कत नहीं है। बस कुछ रुक कर लघुशंका होती है, क्या करें।

एपी श्रीवास्तव, कटघर

जवाब : चाय काफी कम लें, पानी खूब लें। डाक्टर को दिखा लें। जरूरी नहीं कि आपरेशन करना पड़े।

सवाल : किडनी में पथरी है, इससे पहले भी हुई थी। हालाकि अभी दर्द नहीं होता है।

अनुराग तिवारी, कीडगंज

जवाब : खूब पानी पिएं। घबराएं नहीं, डाक्टर को दिखा लें।

सवाल : लघुशंका के समय बहुत दर्द होता है। समय भी अधिक लगता है।

सत्येंद्र यादव, झूंसी

जवाब : यूटीआइ में इन्फेक्शन हैं। पानी पिएं, मट्ठा भी लें। डाक्टर को जरूर दिखा लें।

सवाल : क्या गंदी जगहों पर लघुशंका से इन्फेक्शन का खतर होता है।

शरद यादव, दारागंज

जवाब : बहुत अधिक नहीं पर सफाई का ध्यान तो रखना ही चाहिए। इस तरह की समस्या महिलाओं में अधिक हो सकती है।

सवाल : लघुशंका में बहुत झाग होता है। कई बार जाना पड़ता है।

संतोष कुमार, प्रीतमनगर

जवाब : इन्फेक्शन हो सकता है। डाक्टर को दिखाएं। संभव हो प्रोटीन आ रहा हो। घबनाएं नहीं, दवा से ठीक हो जाएगा।

सवाल : यूरीन की समस्या है। बार बार इनफेक्शन हो जाता है। अल्ट्रासाउंड कराया है उसमें कुछ नहीं आया।

मीता चक्रवर्ती, प्रीतम नगर

जवाब : नियमित रूप से दवा लेनी होगी। डॉक्टर को दिखाएं परेशान न हो। बीच में दवा बंद करने पर इनफेक्शन की समस्या बनी रह सकती है।

सवाल : प्रोस्टेट की समस्या है। लघुशंका कंट्रोल नहीं कर पाते हैं।

पीके सिंह, करेली

जवाब : तरल पदार्थ का सेवन कम करें। डॉक्टर को दिखा लें।

सवाल : लघुशंका कई बार जाना पड़ता है। तेज लगने पर कंट्रोल नहीं कर पाते हैं।

शिवशंकर मिश्र, मेजा

जवाब : डाक्टर को दिखा लें। दवा से ही ठीक हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी