प्रयागराज ब्‍यूटी पार्लर संचालिका हत्‍याकांड, सिर्फ एक आरोपित की गिरफ्तारी से खुलेगा हत्‍या का राज

एसपी यमुनापार को इस बच्चे ने बताया कि वारदात के दौरान चार लोग थे। सभी ने चेहरे को कपड़े से बांध रखा था। एक बीड़ी पी रहा था। बस इतना ही बताना था कि एसपी यमुनापार को समझ में आ गया कि कातिलों में शामिल एक बीड़ी का आदी है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 09:13 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 09:13 AM (IST)
प्रयागराज ब्‍यूटी पार्लर संचालिका हत्‍याकांड, सिर्फ एक आरोपित की गिरफ्तारी से खुलेगा हत्‍या का राज
प्रयागराज के खीरी में ब्‍यूटी पार्लर चलाने वाली महिला की हत्‍या के मामले में पुलिस आरोपित की तलाश में है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज जनपद स्थित खीरी थाना क्षेत्र के लालतारा गांव में सप्ताह भर पहले ब्यूटी पार्लर संचालिका कुसुम पत्नी रमेश चौहान की हत्या का राज अभी तक नहीं खुल सका है। हालांकि सूत्रों की मानें तो पुलिस के शिकंजे में तीन आरोपित आ गए हैं। सिर्फ एक बचा है, जिसकी तलाश की जा रही है। उसी के पास हत्या में प्रयुक्त वह धारदार हथियार है, जिससे कुसुम की हत्या की गई थी। पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही है, ताकि हत्याकांड का जब राजफाश हो तो आरोपितों के खिलाफ पूरे साक्ष्य हों।

32 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस के आगे बढ़े कदम

कुसुम हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआत से ही पुलिस ने जिस बिंदु को पकड़ा था, उसी पर काम भी कर रही थी और इसमें उम्मीद की किरण भी नजर आई। 32 लोगों से पूछताछ के बाद आरोपितों के नाम सामने आए। हालांकि, इन सभी के बारे में पुलिस ने बारीकी से छानबीन की। ऐसा इसलिए कि कहीं कोई निर्दोष न हत्या के मामले में फंस जाए।

बच्चे से एसपी यमुनापार ने की बात तो कई बातें आईं सामने

घटना वाली रात घर में सिर्फ दो लोग थे। कुसुम और उसका सात वर्षीय पुत्र। जिस समय कुसुम को मारा जा रहा था बेटा जाग गया था। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने घटना के दो दिन बाद अलग से बच्चे से बातचीत की। उसकी पढ़ाई और परिवार के बारे में पूछा। फिर खाने में क्या-क्या पसंद है, दोस्तों का क्या नाम है, इस बारे में भी जानकारी ली। बीच-बीच में वे यह भी पूछते ही जब घटना हुई थी तो उसने क्या देखा।

बच्‍चे ने एसपी यमुनापार को बताया एक व्‍यक्ति बीड़ी पी रहा था

एसपी यमुनापार को इस बच्चे ने बताया कि वारदात के दौरान चार लोग थे। सभी ने चेहरे को कपड़े से बांध रखा था। एक बीड़ी पी रहा था। बस इतना ही बताना था कि एसपी यमुनापार को समझ में आ गया कि कातिलों में शामिल एक बीड़ी का आदी है। उसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई। यही वह आरोपित है, जो अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है।

chat bot
आपका साथी