प्रयागराज के कालिंदीपुरम में करंट की चपेट में आए दो मजदूर, एक की मौत, प्लास्टर के काम में थे जुटे

कालिंदीपुरम कॉलोनी में शनिवार सुबह करंट की चपेट में दो मजदूर आ गए। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर मौके पर पहुंचे मजदूरों ने हंगामा किया।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 09:46 PM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 09:46 PM (IST)
प्रयागराज के कालिंदीपुरम में करंट की चपेट में आए दो मजदूर, एक की मौत, प्लास्टर के काम में थे जुटे
शनिवार सुबह करंट की चपेट में दो मजदूर आ गए। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई

प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के धूमनगंज थानांतर्गत सुगम बिहार कालिंदीपुरम कॉलोनी में शनिवार सुबह करंट की चपेट में दो मजदूर आ गए। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर मौके पर पहुंचे मजदूरों ने हंगामा किया। स्थानीय पार्षद अखिलेश सिंह और पुलिस ने किसी तरह सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। मामले में मकान मालिक के पुत्र को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि, अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।

मकान में प्लास्टर करते समय 33 हजार की लाइन की जद में आए

कालिंदीपुरम कॉलोनी में सुगम बिहार निवासी अजय के मकान के दूसरे मंजिल पर इधर कई दिनों से प्लास्टर करने का काम चल रहा था। शनिवार सुबह कई मजदूर काम पर लगे थे। इसी बीच मोहित (22) निवासी कौशांबी का हाथ मकान के ठीक ऊपर से गए 33 हजार के हाई टेंशन लाइन से छू गया। वह करंट की चपेट में आ गया। यह देखकर बगल में खड़े दूसरे मजदूर नमन (32) निवासी कौशांबी ने उसे बचाने की कोशिश की तो वह भी चपेट में आ गया। किसी प्रकार अन्य मजदूरों ने दोनों को बिजली के तार से अलग किया। लेकिन तब तक मोहित की मौत हो चुकी थी, जबकि नमन गंभीर रूप से झुलस गया था। आननफानन में नमन को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।


नाराज मजदूरों ने किया हंगामा

घटना की जानकारी कुछ ही दूर पर लेबर चौराहे पर मौजूद अन्य मजदूरों को हुई तो बड़ी संख्या में वे अजय के मकान पर पहुंच गए। यह देखकर मकान मालिक वहां से निकल गया। मजदूरों ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी पाकर पार्षद अखिलेश सिंह और पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा कर रहे मजदूरों को समझाया और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। इंस्पेक्टर धूमनगंज अनुपम शर्मा का कहना है कि मृतक मोहित के पिता ने तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा लिखा जा रहा है। 

chat bot
आपका साथी