प्रयागराज के धूमनगंज में फल विक्रेता को गोली मारने का एक आरोपित गिरफ्तार, दो फरार

प्रयागराज के धूमनगंज में फल विक्रेता को गोली मारकर जख्‍मी कर दिया गया था। पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ लिया है जबकि दो फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 31 Aug 2020 02:34 PM (IST) Updated:Mon, 31 Aug 2020 02:34 PM (IST)
प्रयागराज के धूमनगंज में फल विक्रेता को गोली मारने का एक आरोपित गिरफ्तार, दो फरार
प्रयागराज के धूमनगंज में फल विक्रेता को गोली मारने का एक आरोपित गिरफ्तार, दो फरार

प्रयागराज, जेएनएन। धूमनगंज पुलिस ने फल विक्रेता वीरेंद्र को गोली मारने के आरोपित लवकुश को पकड़ लिया है। उससेे पूछताछ चल रही। पुलिस व क्राइम ब्रांच लवकुश के भाई महेंद्र और दो अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती वीरेंद्र का इलाज चल रहा है और हालत में सुधार हुआ है।

नाली के विवाद में वीरेंद्र को गोली मारी थी, अस्‍पताल में भर्ती है

अबू बकरपुर निवासी वीरेंद्र ठेले पर फल लगाकर बेचता है। उसका पड़ोसी युवक लवकुश से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रविवार की रात नाली में पानी जाम होने पर वीरेंद्र उसके घर पहुंच गया। फिर नाली में पानी को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इसी दौरान लवकुश, उसके भाई व दो अन्य साथियों ने वीरेंद्र की पिटाई की और फिर तमंचे से फायर कर दिया। वीरेंद्र के पेट में गोली लगते ही हमलावर वहां से भाग निकले। एसआरएन अस्‍पताल में वीरेंद्र का इलाज हो रहा है।

छापेमारी कर पुलिस ने लवकुश को पकड़ा

गोली मारने की खबर पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी की। रात में कई जगह दबिश देने के बाद पुलिस ने कुछ करीबियों को उठाया। इसके बाद सोमवार की दोपहर में लवकुश को गिरफ्तार कर लिया गया।

बोले, इंस्‍पेक्‍टर धूमनगंज

इस मामले में धूमनगंज थाने के इंस्पेक्टर अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि लवकुश को पकड़ लिया गया और पूछताछ की जा रही है। वहीं वारदात में शामिल अन्‍य आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी