Navaratri की नवमी पर प्रयागराज में दो महिलाओं ने खत्म कर ली अपनी जिंदगी

जब तमाम मंदिरों और घरों में देवी पूजन चल रहा था तभी प्रयागराज में दो महिलाओं ने अपनी जान दे दी। दोनों की खुदकुशी की अलग-अलग वजह बताई जा रही है। लालापुर और सोरांव थाने की पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन कर रही है

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 03:27 PM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 03:27 PM (IST)
Navaratri की नवमी पर प्रयागराज में दो महिलाओं ने खत्म कर ली अपनी जिंदगी
दोनों महिलाओं की खुदकुशी की अलग-अलग वजह बताई जा रही है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। नवरात्रि की नवमी के मौके पर जब तमाम मंदिरों और घरों में देवी पूजन चल रहा था तभी प्रयागराज में दो महिलाओं ने अपनी जान दे दी। दोनों की खुदकुशी की अलग-अलग वजह बताई जा रही है। लालापुर और सोरांव थाने की पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन कर रही है कि मौत के पीछे वजह क्या है। एक घटना में तो महिला के मायके वालों ने दहेज के लिए कत्ल का आरोप लगाया है।

लालापुर में फंदे से लटकी मिली सुमित्रा

इनमें एक घटना यमुनापार के लालापुर इलाके की है। यहां भमौर गांव में रहने वाले भुल्लन की पत्नी 28 साल की सुमित्रा का शव फंदे से लटका मिला। भुल्लन का कहना है कि वह दुर्गा पूजा पंडाल में गया था। लौटा तो कमरे के दरवाजा बंद था। काफी खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो धक्का देकर खोला। अंदर कमरे में सुमित्रा रस्सी के फंदे से लटकी थी। उसकी मौत हो चुकी थी। पता चला तो आसपास के लोग भी पहुंच गए। खबर पाकर आए मायके वालों ने आरोप लगाया कि सुमित्रा को मारकर लटकाया गया था। उसने आत्महत्या नहीं की है। उसका विवाह छह साल पहले भुल्लन के साथ किया गया था। तब से उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और अब मार डाला गया।

बीमारी से आजिज आकर दी जान

दूसरी घटना गंगापार इलाके में सोरांव एरिया की है जहां 31 वर्षीय महिला ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। इस बारे में सोरांव पुलिस का कहना है कि महिला किसी बीमारी से परेशान थी। लंबे समय से उसका इलाज भी कराया जा रहा था। बुधवार को ही परिवार के लोग उसे वाराणसी में चेकअप और इलाज की खातिर ले गए थे। सुबह वह घऱ से निकली और रेलवे लाइन पर जाकर ट्रेन के आगे कूद गई। लोगों ने देखा तो शोर मचाया। फिर परिवार के लोग खोजते हुए पहुंचे तो वहां शव देखकर सन्न रह गए।

chat bot
आपका साथी