अब ड्रोन से पकड़े जा रहे मास्क न लगाने वाले लोग

जासं प्रयागराज बिना मास्क लगाए घरों से निकलने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 07:33 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 07:33 PM (IST)
अब ड्रोन से पकड़े जा रहे मास्क न लगाने वाले लोग
अब ड्रोन से पकड़े जा रहे मास्क न लगाने वाले लोग

जासं, प्रयागराज : बिना मास्क लगाए घरों से निकलने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस तो जगह-जगह चेकिग कर ही रही है। इसके अलावा अब ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। शुक्रवार को कर्नलगंज, सिविल लाइंस और चौक में ड्रोन से बिना मास्क वालों को चिह्नित किया गया। इस दौरान करीब 90 लोगों का चालान काटा गया। इसके अलावा अन्य जगहों पर 1250 लोगों का चालान काटा गया।

कोविड-19 को रोकने के लिए शारीरिक दूरी के साथ ही मास्क लगाना बेहद जरूरी है। इसके प्रति लगातार लोगों को सचेत भी किया जा रहा है। लेकिन, कुछ ऐसे भी लोग हैं जो अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। बिना मास्क के लिए घरों से निकल रहे हैं। शुक्रवार को शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके चौक, सिविल लाइंस और कर्नलगंज में ड्रोन से अभियान चलाया गया। मुख्य बाजार के साथ ही पुलिसकर्मी मुहल्लों में भी पहुंचे। यहां ड्रोन के माध्यम से जिसे भी बिना मास्क के देखा गया उसका चालान किया। साथ ही जरूरतमंद लोगों को मास्क भी पुलिसकर्मियों ने वितरण किया। ऐसे लोगों को हिदायत दी गई कि पहली बार तो चालान काटकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन अगली बार बिना मास्क के पकड़े गए तो मुकदमा भी दर्ज होगा। वहीं, जिले भर में चलाए गए अभियान के दौरान 39 थाना क्षेत्रों में 1250 लोगों का चालान काटा गया। - लगातार लोगों को किया जा रहा जागरूक

शहर के सभी चौराहों पर यातायात और पुलिस विभाग ने लाउडस्पीकर लगवा रखा है। यहां कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शारीरिक दूरी व मास्क लगाने के प्रति जागरूक करने के साथ ही हाथों को धोने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी