Navratri 2020 : प्रयागराज में मां दुर्गा के जयकारे से गूंज उठे देवी मंदिर, मां दुर्गा की एक झलक पाने को जुटे भक्‍त

Navratri 2020 प्रयागराज में अलोपीबाग स्थित मां अलोपशंकरी मीरापुर स्थित मां ललिता देवी कल्‍याणी देवी स्थित मां कल्‍याणी चौक स्थित खेमा माई मुटठीगंज स्थित काली बाड़ी मंदिर मां के जयकारे से गूंज रहे हैं। इसी प्रकार अन्‍य मंदिरों में भी पूजा पाठ के साथ लोग प्रसाद वितरण करते रहे।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 01:15 PM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 01:15 PM (IST)
Navratri 2020 : प्रयागराज में मां दुर्गा के जयकारे से गूंज उठे देवी मंदिर, मां दुर्गा की एक झलक पाने को जुटे भक्‍त
प्रयागराज के देवी मंदिरों में भक्‍तों की भीड़ जुटी।

प्रयागराज, जेएनएन। शारदीय नवरात्र में शनिवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही लगी रही। मंदिर में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु देवी मां की झलक पाने को आतुर दिखे। लाेग घंटों तक लाइन में खड़े रहे और फिर मां के दरबार में पहुंचे और उनके चरणों में मत्था टेका। मंदिरों में भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं सका, पुलिस भी इसका पालन करने के लिए जूझती रही।

सुबह से ही देवी मंदिरों में है भीड़

सुबह चार बजे से ही देवी मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का क्रम जारी रहा। अलोपीबाग स्थित मां अलोपशंकरी, मीरापुर स्थित मां ललिता देवी, कल्‍याणी देवी स्थित मां कल्‍याणी, चौक स्थित खेमा माई, मुटठीगंज स्थित काली बाड़ी मंदिर मां के जयकारे से गूंज रहे हैं। इसी प्रकार अन्‍य मंदिरों में भी पूजा पाठ के साथ लोग प्रसाद वितरण करते रहे।

कहीं-कहीं दो दो गज की दूरी बनारक लोगों ने दर्शन किए। शहर के अलोपी देवी मंदिर, कल्याणी देवी मंदिर, ललिता देवी मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़ रही। जो भी श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर में जा रहे थे उन्हें मास्क लगाने के लिए पुलिसकर्मी प्रेरित कर रहे थे। यही हाल ग्रामीण क्षेत्र के देवी मंदिरों में भी रही। इसी तरह लोग घरों में मां देवी के पूजन अर्चन की और नौ कन्या को भोज कराया। इसी तरह शहरवासी दशहरे की भी तैयारी में जुटे हैं।

हवन पूजन व कन्याभोज का आयोजन

इसी प्रकार कौशांबी जनपद में भी महाअष्‍टमी पर देवी मंदिरों में पूजन-अर्चन हुआ। सनातन धर्म में शक्ति की उपासना का पर्व नवरात्र में हवन पूजन व कन्याभोज की परंपरा सदियों से चली आ रही है। पुराणों में भी हवन पूजन और कन्याभोज को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया है। कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर श्रद्धालु उनकी पूजा भी करते हैं। शनिवार सुबह से ही श्रद्धालुओं ने मां भगवती की विधि-विधान से पूजा अर्चना व हवन कर रहे हैं।

इन मंदिरों में पूजन-अर्चन की धूम

सराय अकिल के दुर्गा मंदिर मंदिर, किशुनपुर अंबारी स्थित मसुरिया माता मंदिर समेत देवी मंदिरों में सुबह से ही हवन-पूजन जारी है। महिला ग्राम सभा में नवरात्र में व्रत कर रहे श्रद्धालुओं ने मां भगवती का हवन व पूर्णांहुति किया। इस दौरान 51 कन्याभोज के साथ उपवास समाप्त किया। भंडारे का भी आयोजन किया गया। रात्रि में दुर्गा पूजा पंडालों में भव्य महा आरती का आयोजन होगा। चायल तहसील के मनौरी, चरवा, तिल्हापुरमोड़, नेवादा, तिल्हापुर समेत विभिन्न गांवों में नवरात्रि के पावन पर्व पर दुर्गा पूजा पंडालों में जगत जननी मां आदि शक्ति की मनोरम झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। जगह जगह श्रद्धा के साथ भक्त आरती में शामिल हुए। दुर्गा मंदिर सराय अकिल, मसुरिया माता मंदिर किशुनपुर अंबारी, देवी मंदिर महिला ग्राम में महाआरती का आयोजन किया गया।

chat bot
आपका साथी