प्रसपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष शिवपाल यादव बोले- भाजपा सरकार किसान और मजदूर विरोधी है

प्रसपा लोहिया के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव बोले कि भाजपा सरकार को किसानों से कोई मतलब नहीं है। चुनाव से पहले किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा किया गया था आज तक कुछ नहीं हुआ। किसान कर्जदार हो चुका है। जबकि पूंजीपतियों को सरकार लाभ पहुंचा रही है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 03:45 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 03:45 PM (IST)
प्रसपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष शिवपाल यादव बोले- भाजपा सरकार किसान और मजदूर विरोधी है
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर प्रहार किया।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसान, नौजवान, मजदूर, व्यापारी विरोधी है। इस सरकार से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं, जिस कारण बेरोजगारी बढ़ रही है और लोग भुखमरी से जूझ रहे हैं। शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को प्रयागराज में हैं।

सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता में प्रसपा (लोहिया) के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कहा कि लखीमपुर खीरी में केंद्रीय मंत्री के पुत्र ने किसानों के ऊपर कार चढ़ा दी, लेकिन इस मामले में सरकार खामोश रही। पूरे मामले को रफादफा कर दिया गया। जबकि तत्काल आरोपित की गिरफ्तारी के साथ ही मंत्री से इस्तीफा ले लेना चाहिए था। हालांकि ऐसा नहीं किया गया। इससे साफ है कि भाजपा सरकार को किसानों से कोई मतलब नहीं है। बोले कि चुनाव से पहले किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा किया गया था, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। किसान कर्जदार हो चुका है। जबकि पूंजीपतियों को सरकार लाभ पहुंचा रही है।

शिवपाल सिंह यादव बोले कि महिलाओं के साथ घटनाएं हो रही हैं। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कोई सार्थक कदम सरकार ने नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि वे सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा को लेकर निकले हैं, जो प्रदेश के सभी जिलों का भ्रमण करेगी। इसी सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा से ही सत्ता परिवर्तन किया जाएगा। प्रेसवार्ता के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव रथयात्रा को लेकर निकले। शहर के कई इलाकों का भ्रमण करते हुए रथयात्रा गंगापार इलाके में पहुंची। सहसों, सोरांव में जनसभा को राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संबोधित भी किया।

इससे पूर्व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने श्रीमठ बाघम्बरी गद्दी में जाकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष रहे ब्रह्मलीन महंत नरेंद्र गिरि की समाधि में श्रधांजलि अर्पित की। महंत बलवीर गिरि ने समाधि पर माल्यार्पण कराया। इसके बाद त्रिवेणी बांध स्थित लेटे हनुमान जी की का भी उन्‍होंने पूजन किया।

chat bot
आपका साथी