National Livelihood Mission: अंधेरे में रोशनी फैलाएंगे स्‍वयं सहायता समूह से बने सोलर लैंप, यह है योजना

National Livelihood Mission मध्य प्रदेश के चित्रकूट झांसी समेत अन्य कई जिलों से सोलर उपकरण की डिमांड की गई है। जल्द ही महिलाएं सोलर के उपकरण को असेंबल करेंगी। इसके बाद इसकी खपत जिले के अलावा कौशांबी फतेहपुर अमेठी सहित अन्य जिलों में होगी।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 12:14 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 12:14 PM (IST)
National Livelihood Mission: अंधेरे में रोशनी फैलाएंगे स्‍वयं सहायता समूह से बने सोलर लैंप, यह है योजना
प्रतापगढ़ में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सोलर लैंप, सोलर टार्च, सोलर सहित अन्य उपकरण बनाएंगी।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। अंधेरे में रोशनी बिखेरने के लिए आधी दुनिया दो कदम आगे बढ़कर आई है। यह महिलाएं जहां पहले मेहनत मजदूरी करके घर का खर्च चलाती थीं। इसके बाद भी उनका परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। प्रतापगढ़ में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सोलर लैंप, सोलर टार्च, सोलर सहित अन्य उपकरण बनाएंगी। इसके बाद उसे ब्लाकवार सोलर स्मार्ट शाप में इसकी बिक्री होगी। खास बात यह है कि बाजार के दाम से सोलर के उपकरण काफी सस्ते होंगे। इसलिए इसकी अधिक डिमांड भी रहेगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यालय में उनको अलग से प्रशिक्षित किया गया। महिलाओं को उपकरण तैया करने के तरीके बताए गए।

प्रतापगढ़ में 300 महिलाएं सूचीबद्ध

जिले के संडवा चंद्रिका, लक्ष्मणपुर, पट्टी, आसपुर देवसरा, बाबा बेलखरनाथ धाम व मंगरौरा ब्लाक की 300 गरीब महिलाओं को सूचीबद्ध किया गया है। प्रेरणा ओजस परियोजना के अंतर्गत उन्नाव की झांसी रानी शंकुल समिति संस्था द्वारा महिलाओं को हाल में ही प्रशिक्षित किया गया। संस्थान के ट्रेनर उमेश पाल व विजय यादव ने महिला सुमन, रीता, किरन आदि को सप्ताह भर से अधिक दिनों तक प्रशिक्षित किया।

सभी ब्‍लाकों में सोलर स्‍मार्ट शाप खुलेगी

मध्य प्रदेश के चित्रकूट, झांसी समेत अन्य कई जिलों से सोलर उपकरण की डिमांड की गई है। जल्द ही महिलाएं सोलर के उपकरण को असेंबल करेंगी। इसके बाद इसकी खपत जिले के अलावा कौशांबी, फतेहपुर, अमेठी सहित अन्य जिलों में होगी। खास बात यह है कि सभी ब्लाकों में सोलर स्मार्ट शाप खोली जाएगी। इसका संचालन समूह की महिलाएं करेंगी। सोलर के तैयार उपकरण को दुकान में रखवाया जाएगा। इसके बाद इसकी बिक्री होगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला मिशन प्रबंधक रतन कुमार मिश्रा, सुनीता सरकार, सुमन पांडेय, अख्तर मसूद ने भी महिलाओं को उपकरण तैयार करने के तरीके बताए हैं।

एनआरएलएम के डिप्टी कमिश्नर ने यह कहा

एनआरएलएम के डिप्टी कमिश्नर डा. नागेंद्र नारायण मिश्र ने बताया कि महिलाओं को सोलर का उपकरण बनाने की ट्रेनिंग दी जा चुकी है। जल्द ही महिलाएं सोलर शॉप खोलकर उपकरण की बिक्री शुरू करेंगी।

chat bot
आपका साथी