विश्‍वशांति के लिए साइकिल यात्रा पर निकले कर्नाटक के 'नागराज'

गांधीवादी विचारक डॉ. सुब्बाराव की प्रेरणा से कर्नाटक के नागराज ने देशाटन की ठानी है। साइकिल से वह प्रतिदिन करीब 120 किमी का सफर करते हैं।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Thu, 21 Feb 2019 11:52 AM (IST) Updated:Thu, 21 Feb 2019 11:52 AM (IST)
विश्‍वशांति के लिए साइकिल यात्रा पर निकले कर्नाटक के 'नागराज'
विश्‍वशांति के लिए साइकिल यात्रा पर निकले कर्नाटक के 'नागराज'

प्रयागराज : राष्ट्रीय एकता, सर्वधर्म समभाव और विश्वशांति के लिए हासन जिले (कर्नाटक) के रहने वाले नागराज गौड़ा ने साइकिल से देशाटन की ठानी है। कई राज्यों की यात्रा पूरी करते हुए वह प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने माघी पूर्णिमा पर संगम में पुण्य की डुबकी भी लगाई। तीन-चार दिन साधु-संतों के सानिध्य में रहने के बाद वह दूसरे चरण की यात्रा शुरू करेंगे।

2017 को साइकिल यात्रा की शुरुआत मुंबई से की थी

नागराज ने तीन दिसंबर 2017 को साइकिल यात्रा की शुरुआत मुंबई से की। गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड की यात्रा पूरी करते हुए यूपी पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने प्रयागराज जिले में प्रवेश किया। यहां के बाद वह अयोध्या, वाराणसी, मथुरा, लखनऊ होते हुए मध्य प्रदेश के लिए रवाना होंगे। एमपी के बाद वह महाराष्ट्र होते हुए कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जाएंगे।

10 घंटे में 120 किमी की प्रतिदिन करते हैं साइकिल यात्रा

नागराज बताते हैं कि प्रतिदिन सुबह आठ बजे यात्रा के लिए निकलते हैं और शाम छह बजे तक करीब 80-90 से लेकर 120 किमी की यात्रा तय करते हैं। वह रात्रि विश्राम मठ-मंदिरों, आश्रमों, गुरुद्वारा और धर्मशालाओं में करते हैं। इन स्थानों पर उन्हें जो खाने को मिल गया, उसी से काम चलाते हैं। यात्रा के दौरान वह आमजन, साधु-संतों, अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों से मिलकर अपना मकसद भी बताते हैं।

पानी बचाओ, हरियाली बढ़ाओ का नारा

पानी बचाओ, हरियाली बढ़ाओ, देशभक्ति, विश्वशांति, राष्ट्रवाद बढ़ाने संबंधी संदेश लिखे बोर्ड उन्होंने अपनी साइकिल पर लगा रखा है। वह बताते हैं कि उनकी अगरबत्ती की दुकान थी, लेकिन उसमें रुचि नहीं थी। साधु-संतों के साथ सत्संग, राष्ट्रभक्ति फिल्में उन्हें प्रेरित करती रही हैं। वह बताते हैं कि गांधीवादी विचारक डॉ. एसएन सुब्बाराव से प्रेरित होकर साइकिल यात्रा के लिए निकले हैं। वह पूरे देश की यात्रा करेंगे।

chat bot
आपका साथी