बसवार से एक मार्च को निकलेगी कांग्रेस की नदी अधिकार यात्रा, Prayagraj से रवाना होकर 20 मार्च को बलिया के मांझी घाट पहुंचेगी पदयात्रा

पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि पहले दिन यात्रा बसवार से संगम पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम गंगा किनारे के किसी गांव में होगा। इसके बाद दो मार्च को यात्रा अगले पड़ाव के लिए निकलेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा प्रतिदिन 15 किलोमीटर चलेगी।

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 08:28 PM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 08:28 PM (IST)
बसवार से एक मार्च को निकलेगी कांग्रेस की नदी अधिकार यात्रा, Prayagraj से रवाना होकर 20 मार्च को बलिया के मांझी घाट पहुंचेगी पदयात्रा
ऐलान बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी और पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने किया

प्रयागराज, जेएनएन। सियासी मुद्दों की तलाश में जुटी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रयागराज के बसवार गांव में बालू के अवैध खनन के मामले को नया सियासी टर्निंग प्वाइंट दे दिया है। अब बसवार गांव से एक मार्च को कांग्रेस की तरफ से नदी अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा 20 मार्च को बलिया के मांझी घाट पर समाप्त होगी। इसका ऐलान बुधवार को प्रेस क्लब में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी और पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने किया। इस दौरान यात्रा का पोस्टर भी लांच किया गया।


रात में नदी के किनारे बसे गांवों में संवाद भी करेंगे कांग्रेस पदाधिकारी

बसवार गांव में चार फरवरी को बालू के अवैध खनन के मसले में पुलिस ने निषाद समुदाय पर लाठीचार्ज कर उनकी नावें तोड़ दी थीं। मामले में 200 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था। निषाद समुदाय के जख्मों पर सियासी मरहम लगाने के बाद कांग्रेस महासचिव ने मिशन-2022 के अपने एजेंडे में इसे शामिल कर लिया है। यही वजह है कि वह गांव पहुंचीं और निषाद समुदाय से वार्ता करने के बाद उनकी नावों को देखा। अब प्रियंका ने समुदाय के पीडि़त 23 परिवारों को संयुक्त रूप से 10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि पहले दिन यात्रा बसवार से संगम पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम गंगा किनारे के किसी गांव में होगा। इसके बाद दो मार्च को यात्रा अगले पड़ाव के लिए निकलेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा प्रतिदिन 15 किलोमीटर चलेगी। यात्रा के दो दिन बाद कांग्रेस महासचिव भी इसमें शामिल होंगी। आसार जताए जा रहे हैं कि वह मीरजापुर में यात्रा में शामिल होंगी। प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष नफीस अनवर, गंगापार अध्यक्ष सुरेश यादव के अलावा संजय तिवारी, विवेकानंद पाठक, अल्पना निषाद, तूफानी निषाद, उज्जवल शुक्ल आदि लोग उपस्थित रहे। 

प्रदेश में माफिया कर रहे अवैध खनन

पार्टीजनों ने नदी अधिकार यात्रा का पोस्टर लांच करने के साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पोकलैंड और जेसीबी से बालू के अवैध खनन की तस्वीरें भी साझा की। आरोप लगाया कि प्रदेशभर में गंगा और यमुना के किनारे माफिया खनन करा रहे हैं। इस दौरान श्रीराम मंदिर निर्माण में केवट निषादराज की मूर्ति नहीं लगाने पर भी कांग्रेसियों ने सवाल उठाए। वहीं, निषाद समुदाय ने इस पर नाराजगी जाहिर की। कहाकि, भाजपा केवल वोटबैंक मजबूत करने के लिए निषाद समुदाय को अपने साथ लेकर चलती है। 

chat bot
आपका साथी